आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की दवाइयां अब बाजार में भी मिलेंगी
Share
कुलपति बोले— गुणवत्तापूर्ण निर्माण जरूरी, गलत तरीके से बनी औषधि पहुंचा सकती है नुकसान
जोधपुर, 6 मार्च: जोधपुर स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में तैयार होने वाली आयुर्वेदिक दवाइयां अब आने वाले समय में सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ बाजार में भी उपलब्ध होंगी। इस पहल की शुरुआत यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. गोविंद सहाय शुक्ल के नेतृत्व में की जा रही है।
कुलपति प्रो. शुक्ल ने बताया कि आयुर्वेदिक औषधियों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी की ड्रग टेस्टिंग लैबोरेट्री में विभिन्न आयुर्वेदिक दवाइयों का निर्माण और परीक्षण किया जा रहा है। भविष्य में इन दवाइयों को उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार कर प्रदेश भर में उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद शास्त्र में भी स्पष्ट उल्लेख है कि यदि औषधि का निर्माण सही और वैज्ञानिक तरीके से नहीं किया जाए तो वह लाभ की बजाय नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए विश्वविद्यालय का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक औषधियां पहुंचाना है।
इस पहल से बाजार में आयुर्वेद के नाम पर बिक रही नकली या कम गुणवत्ता वाली दवाइयों पर भी अंकुश लग सकेगा और मरीजों को भरोसेमंद औषधियां मिलेंगी।
इसके साथ ही आयुर्वेद के वैश्विक प्रचार-प्रसार के लिए यूनिवर्सिटी ने यूरोपियन आयुर्वेदिक एकेडमी के साथ एमओयू किया है। इसके तहत यूरोप की यूनिवर्सिटियों के विद्यार्थी भी आयुर्वेद की पढ़ाई कर सकेंगे, जिससे भारतीय चिकित्सा पद्धति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
