LOADING

Type to search

उदयपुर में जुटे 127 विश्वविद्यालयों के 1500 से अधिक बास्केटबॉल खिलाड़ी

Local

उदयपुर में जुटे 127 विश्वविद्यालयों के 1500 से अधिक बास्केटबॉल खिलाड़ी

Share

बीएन विश्वविद्यालय में चार दिवसीय वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज
उदयपुर, 3 फरवरी :
विद्या प्रचारिणी सभा भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय (बीएन विवि) की मेजबानी में पहली बार आयोजित चार दिवसीय वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ महाराणा प्रताप खेल मैदान पर हुआ। प्रतियोगिता में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा के 127 विश्वविद्यालयों के 1500 से अधिक खिलाड़ी एवं कोच भाग ले रहे हैं। चार दिनों तक शहरवासियों को रोमांचक मैचों का आनंद मिलेगा। प्रतियोगिता में वेस्ट जोन स्वर्ण, रजत और कास्य पदकों के लिए कड़े मुकाबले होंगे तथा क्वालीफाई करने वाली टीमें ऑल इंडिया बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
शुभारंभ समारोह का उद्घाटन आईजी गौरव श्रीवास्तव, कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत, मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह आगरिया, प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह रूपाखेड़ी और अन्य गणमान्य अतिथियों ने बीएन विवि एवं एआईयू का झंडारोहण और मार्च पास्ट के साथ किया। मुख्य अतिथि आईजी गौरव श्रीवास्तव ने युवाओं को खेल, टीम वर्क और अनुशासन अपनाने का संदेश देते हुए सोशल मीडिया और नशीले पदार्थों से दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा, “देश की प्रगति युवाओं के हाथ में है। खेलों के माध्यम से ही युवा अपनी असली पहचान बना सकते हैं।”
प्रारंभिक मुकाबले में मेजबान बीएन विश्वविद्यालय ने गुरु गोविंद जनजाति विश्वविद्यालय बांसवाड़ा को 34 गोल से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके अलावा कर्नावटी विवि गांधी नगर ने नवसारी एग्रीकल्चर विवि को 24, विवेकानंद ग्लोबल विवि जयपुर ने एमआईटी विवि पुणे को 6, भावनगर विवि ने चारूसत विवि गुजरात को 33, हेमचंद्राचार्य नॉर्थ गुजरात विवि ने मेडिकप्स विवि इंदौर को 35, बीआईटीएस विवि पिलानी ने रानी दुर्गावती विवि जबलपुर को 10 और शिवाजी विवि कोल्हापुर ने एसपीएसयू उदयपुर को 3 पॉइंट से हराया।
समारोह में खेल जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राव हिम्मत सिंह नेनबारा, मूल सिंह झीलवाड़ा, सूर्यवीर सिंह बोहेड़ा और करण सिंह उमरी का उपरणा, पगड़ी, शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। आयोजन सचिव डॉ. हितेश चंद्र रावल ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिता राठौड़ ने किया और आभार डॉ. अभिमन्यु सिंह ने व्यक्त किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *