LOADING

Type to search

उदयपुर में 40 हजार से अधिक पर्यटक, अगले चार दिन में दो लाख पर्यटक आने की उम्मीद

Local

उदयपुर में 40 हजार से अधिक पर्यटक, अगले चार दिन में दो लाख पर्यटक आने की उम्मीद

Share

उदयपुर, 28 दिसंबर: नए साल के स्वागत को लेकर झीलों की नगरी उदयपुर इन दिनों देशभर के पर्यटकों से गुलजार है। वर्ष 2025 के विदा होने और नववर्ष 2026 के आगमन से पहले शहर में पर्यटन अपने चरम पर पहुंच गया है। बीते चार दिनों में ही 40 हजार से अधिक पर्यटक उदयपुर पहुंच चुके हैं, जबकि आगामी चार दिनों में यह संख्या दो लाख के आंकड़े को पार करने की संभावना जताई जा रही है। होटल, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस लगभग पूरी तरह बुक हो चुके हैं, जिससे पर्यटन कारोबार में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है।
पर्यटकों की बढ़ती आमद को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है। 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक सहेलियों की बाड़ी, सज्जनगढ़ बायो पार्क और ऐतिहासिक किलों के भ्रमण समय में विस्तार किया गया है। अब पर्यटक सुबह जल्दी से लेकर देर शाम तक इन स्थलों का आनंद ले सकेंगे, जिससे भीड़ के दबाव को संतुलित किया जा सके।
इस पीक टूरिस्ट सीजन का प्रमुख आकर्षण फतहसागर झील की पाल पर आयोजित भव्य फ्लावर शो है। 24 दिसंबर से 4 जनवरी तक चलने वाले इस पुष्प प्रदर्शनी में देश-विदेश के 100 से अधिक प्रजातियों के फूल प्रदर्शित किए जा रहे हैं। रात के समय रंगीन रोशनी, कलात्मक सजावट और थीम आधारित डिज़ाइन इस आयोजन को और आकर्षक बना रहे हैं, जिससे पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
इसके अलावा पिछोला झील, सिटी पैलेस, सज्जनगढ़ पैलेस, जयसमंद झील और बागोर की हवेली जैसे दर्शनीय स्थल सैलानियों की पहली पसंद बने हुए हैं। नए साल के जश्न के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव म्यूजिक और पारंपरिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं।
प्रशासन और पर्यटन विभाग का मानना है कि सुनियोजित व्यवस्थाओं और विशेष आयोजनों के चलते उदयपुर एक बार फिर राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर वर्ष के अंत में सबसे पसंदीदा गंतव्य बनकर उभरा है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *