मोदी की सभा में संभाग से पहुंचेंगे दो लाख से अधिक कार्यकर्ता : राठौड़
Share
बांसवाड़ा में परमाणु बिजलीघर बनने से स्थापित होंगें विकास के नए आयाम
सोनिया गांधी का नाम वोट लिस्ट में 1980 में आ गया, जबकि नागरिकता 1983 में मिली
उदयपुर, 20 सितम्बर: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि बांसवाड़ा में 45 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले बिजलीघर का शिलान्यास करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में संभाग से दो लाख से अधिक कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। परमाणु बिजलीघर स्थापना से वहां विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और देश की मुख्यधारा में जुड़ने का अवसर मिलेगा।
वे शनिवार को यहां बांसवाड़ा में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर आयोजित भाजपा की संभाग संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। राठौड़ ने कहा कि बिजलीघर स्थापना से पूरे क्षेत्र में बिजली की समस्या खत्म हो जाएगी। उद्योग, किसान, व्यापारी सभी को बिजली मिलेगी। इससे कई नवयुवा को रोजगार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पहले लोग कई तरह के टैक्स देकर परेशान हो जाते थे, जीएसटी रिफार्म से आमजन को राहत मिलेगी। महंगाई दर 1 प्रतिशत रह जाएगी।
राहुल गांधी के वोट चोरी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का नाम वोट लिस्ट में 1980 में ही आ गया था जबकि, उन्हें देश की नागरिकता 1983 में मिली थी। उन्होंने कहा कि आज देश में षडयंत्रकारी ताकतें एकजुट होकर भोले भाले व्यक्ति को बहला फुसला कर संस्कृति, सभ्यता को मिटाने का कार्य कर रही है जो किसी कीमत पर हम नहीं होने देंगे। ये ताकतें बांगलादेशी एवं रोहिंग्या के वोटरों के सहारे देश पर राज करना चाहती हैं।
रैली प्रभारी पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ ने रैली में अधिकाधिक कार्यकर्ताओं को पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि इसके लिए मंडल स्तर पर प्रभावी योजना बनाएं। आजादी के बाद पूरे देश में 8 परमाणु बिजलीघर लगे और 9वां आदिवासी क्षेत्र में लगने जा रहा है। सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि पिछले 11 वर्षो के दौरान पूरे देश में हर क्षेत्र में परिवर्तन आया है इससे पहले सिर्फ घोटालों की चर्चा होती थी। मोदी ने गरीब को गणेश मानकर कार्य किया। बैठक में राज्यसभा सांसद चुन्नालाल गरासिया, सांसद डॉ मन्नालाल रावत, विधायक महिमा कुमारी मेवाड़, ताराचंद जैन, फूलसिंह मीणा, विश्वराजसिंह मेवाड़, श्रीचंद कृपलानी, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, भाजपा शहर अध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़, देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली सहित संभाग भर से पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक से पहले अतिथियों ने आईटी सेल द्वारा नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यो की प्रदर्शनी का फीता काट कर शुभारंभ किया। पूर्व उपमहापौर पारस सिंघवी द्वारा तैयार किए गए जीएसटी रिफॉर्म पोस्टर का विमोचन किया गया।
