LOADING

Type to search

डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई मल्टी डिसिप्लिनरी रिसर्च यूनिट

Local

डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई मल्टी डिसिप्लिनरी रिसर्च यूनिट

Share

एनीमिया और सर्वाइकल कैंसर पर होगा शोध
डूंगरपुर, 10 फरवरी:
डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में केंद्र सरकार द्वारा मल्टी डिसिप्लिनरी रिसर्च यूनिट (एमडीआरयू) की स्थापना की गई है। इस यूनिट के माध्यम से मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ आदिवासी बहुल क्षेत्र में फैली गंभीर बीमारियों पर शोध कार्य करेंगे। इसका उद्देश्य क्षेत्र में स्वास्थ्य समस्याओं के कारणों की पहचान कर रोकथाम और उपचार की दिशा में ठोस प्रयास करना है।
कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि यह यूनिट स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। इससे बीमारियों की पहचान, रोकथाम और इलाज में महत्वपूर्ण सुधार संभव हो सकेगा।
एनीमिया और सर्वाइकल कैंसर पर होगा प्रारंभिक शोध
प्रारंभिक चरण में कम्यूनिटी मेडिसिन और मेडिसिन विभाग संयुक्त रूप से एनीमिया और सर्वाइकल कैंसर पर शोध करेंगे। आदिवासी क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों में एनीमिया, कुपोषण और पोषण की कमी की समस्या गंभीर रूप से देखी जाती है। वहीं महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर तेजी से बढ़ती बीमारी बनता जा रहा है। इन रोगों के कारणों, प्रभाव और बचाव के उपायों को वैज्ञानिक आधार पर समझने के लिए विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।
अत्याधुनिक लैब की स्थापना
रिसर्च के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में अत्याधुनिक लैब स्थापित की गई है। इसमें ब्लड एनालाइजर, बायोकेमिकल एनालाइजर, माइक्रोस्कोप, सेंट्रीफ्यूज मशीन, पीसीआर मशीन सहित कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनके माध्यम से रक्त जांच, हीमोग्लोबिन स्तर की माप, पोषण तत्वों की कमी का विश्लेषण और कैंसर से संबंधित कोशिकीय परिवर्तनों की जांच की जाएगी।
गांवों में सर्वे कर मरीजों की पहचान
शोध प्रक्रिया के तहत चयनित क्षेत्रों में सर्वे कर मरीजों की पहचान की जाएगी। कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग की टीम गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य शिविर लगाएगी। प्राथमिक जांच के बाद संदिग्ध मरीजों के रक्त नमूने लैब में भेजे जाएंगे। जांच के आधार पर बीमारी की पुष्टि कर उपचार और रोकथाम के प्रयास किए जाएंगे। इस रिसर्च यूनिट से डूंगरपुर सहित आसपास के आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *