LOADING

Type to search

टाउनहॉल अंडरग्राउंड पार्किंग में पानी का स्थायी तोड़ नहीं

Local

टाउनहॉल अंडरग्राउंड पार्किंग में पानी का स्थायी तोड़ नहीं

Share

हाथीवाला पार्क की वॉटरप्रूफिंग नहीं हो पा रही कारगर
उदयपुर, 23 फरवरी (सुभाष शर्मा):
नगर निगम की टाउनहॉल स्थित अंडरग्राउंड पार्किंग एक बार फिर बदहाल हालात के कारण चर्चा में है। वर्षों से जारी पानी भराव की समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है और हैरानी की बात यह है कि इसका स्थायी समाधान स्वयं नगर निगम के पास भी नहीं है। सिटी के प्रमुख क्षेत्र में स्थित यह पार्किंग सुविधा लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है।
अंडरग्राउंड हिस्से में लगातार पानी जमा रहता है। ऊपर विकसित किए गए हाथीवाला पार्क की वॉटरप्रूफिंग कारगर साबित नहीं हो पाई है, जिससे छत से रिसाव होकर पानी सीधे पार्किंग में पहुंचता है। नतीजतन फर्श पर कीचड़ और फिसलन बनी रहती है। निगम की ओर से मोटर लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन कुछ ही समय बाद हालात फिर वहीं के वहीं नजर आते हैं।
पिछले वर्ष नवंबर में निगम ने 10.75 लाख रुपये में पार्किंग संचालन का टेंडर जारी किया था। मात्र एक ठेकेदार ने आवेदन किया और उसने भी निर्धारित राशि से कम बोली लगाई। निगम ने सैद्धांतिक सहमति दे दी, लेकिन स्थल निरीक्षण के बाद ठेकेदार ने राशि जमा नहीं करवाई और पीछे हट गया। कारण साफ है—पानी भराव के चलते वाहनों को नुकसान का जोखिम।
कई बार पानी का स्तर इतना बढ़ जाता है कि खड़े वाहन भीग जाते हैं। केमिकल युक्त पानी से गाड़ियों के पेंट और पार्ट्स खराब होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में कोई भी ठेकेदार जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। वर्ष 2025 से निगम स्वयं पार्किंग का संचालन कर रहा है, लेकिन मूल समस्या अब भी अनसुलझी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *