उदयपुर संभाग में 186 ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी
Share
आदिवासी व ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ीं वारदातें, सार्वजनिक स्थानों पर शिफ्टिंग की तैयारी
उदयपुर, 27 फरवरी (सुभाष शर्मा): उदयपुर संभाग में बीते एक वर्ष के दौरान ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी की 186 घटनाएं सामने आई हैं। अधिकांश वारदातें आदिवासी और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में हुईं, जहां रात के अंधेरे में बदमाश ट्रांसफार्मरों का तेल निकालकर फरार हो जाते हैं। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ निगम को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बिजली निगम अधिकारियों के अनुसार चोर सुनसान स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते हैं। कई मामलों में ट्रांसफार्मर का ऑयल पूरी तरह खाली कर दिया गया, जिससे गांवों में 24 से 48 घंटे तक बिजली गुल रही। हाल ही में सलूंबर, झाड़ोल और कोटड़ा क्षेत्र में एक ही सप्ताह में दर्जनभर से अधिक घटनाएं दर्ज हुईं। कुछ मामलों में ग्रामीणों ने संदिग्ध वाहनों की सूचना दी, लेकिन आरोपी पकड़ से दूर रहे।
निगम अब ट्रांसफार्मरों को आबादी या सार्वजनिक स्थानों के नजदीक स्थापित करने की योजना बना रहा है, ताकि निगरानी आसान हो सके। साथ ही ऑयल टैंक पर विशेष लॉकिंग सिस्टम और जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग की तैयारी भी की जा रही है।
उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव ने कहा, “ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस विशेष टीमें बनाकर कबाड़ी बाजार और संदिग्ध गिरोहों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों से अपील है कि संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
