ऑपरेशन त्रिनेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई: गांजा, चरस और डोडा चूरा जब्त
Share
तीन थानों की संयुक्त कार्यवाही में अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ा प्रहार
उदयपुर, 22 फरवरी: अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत उदयपुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन एवं जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के आदेशानुसार की गई कार्रवाइयों में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कोटड़ा थाना पुलिस ने गुजराई गांव में दबिश देकर सोवन पुत्र रेशमा के खेत से 95 किलो 370 ग्राम अवैध गांजे के हरे पौधे जब्त किए। एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत प्रकरण संख्या 31/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
हाथीपोल थाना पुलिस ने वर्ष 2022 के 4.5 किलो चरस तस्करी प्रकरण में प्रयुक्त कार के वास्तविक मालिक भंवर सिंह निवासी रावजी का हाटा को 21 फरवरी को गिरफ्तार किया। वहीं खेरोदा थाना पुलिस ने मेनपुरिया गांव से 113.505 किलो अवैध डोडा चूरा से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर प्रकरण संख्या 34/2026 दर्ज किया। पुलिस ने तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही है।
