पेट्रोल में मिलावट का खेल पकड़ा
Share
गोगुंदा में टैंकर से केमिकल मिलाते दो गिरफ्तार, 80 ड्रम जब्त
उदयपुर, 28 फरवरी: जिले के गोगुंदा क्षेत्र में खोखरिया की नाल सुरंग के पास पेट्रोल में केमिकल मिलावट के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 80 से अधिक ड्रमों में भरा संदिग्ध केमिकल, एक पेट्रोल टैंकर और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार टैंकर जामनगर (गुजरात) से पेट्रोल भरकर प्रतापगढ़ जा रहा था। रास्ते में बालाजी होटल के पास टैंकर में अवैध रूप से केमिकल मिलाया जा रहा था। यह केमिकल पास के एक मकान में छिपाकर रखा गया था। दबिश की भनक लगते ही होटल संचालक सुरेश विश्नोई फरार हो गया।
मौके से प्रकाश मेघवाल और टैंकर चालक विसना राम को गिरफ्तार किया गया। सूचना पर जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर टीम सहित पहुंचे और सैंपल जांच शुरू की। पेट्रोलियम एक्ट व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
