LOADING

Type to search

होली पर माहौल नहीं बिगड़े, पुलिस का सख्त एक्शन प्लान

Local

होली पर माहौल नहीं बिगड़े, पुलिस का सख्त एक्शन प्लान

Share

कालिका व लेडी पेट्रोलिंग टीमें रहेंगी सक्रिय, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
उदयपुर, 1 मार्च:
होली और धुलंडी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए उदयपुर पुलिस ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। 2 मार्च को होलिका दहन और 3 मार्च को धुलंडी के दौरान शहरभर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
2 मार्च को होलिका दहन के अवसर पर जगदीश चौक, मल्लातलाई सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने बताया कि पर्व को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि हुड़दंग मचाने वालों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
धुलेंडी पर पेट्रोलिंग टीमें करेंगी लगातार गश्त
3 मार्च को धुलंडी के दौरान मुख्य बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त करेंगी। कालिका पेट्रोलिंग और लेडी पेट्रोलिंग टीमें विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर फोकस रखेंगी। जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने, राहगीरों से अभद्रता करने या तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सीसीटीवी कैमरों से रहेगी निगरानी
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। ड्रोन कैमरों के जरिए भी संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए साइबर टीम को भी अलर्ट किया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *