नाबालिग से रेप का मामला दर्ज नहीं करने पर थानाधिकारी सस्पेंड
Share
उदयपुर, 13 अक्टूबर: नाबालिग से रेप और उसके गर्भवती होने के मामले में एफआईआर दर्ज न करने पर उदयपुर के मांडवा थानाधिकारी (सीआई) देवीलाल मीणा को सस्पेंड कर दिया गया है। उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव ने आदेश जारी करते हुए सीआई के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की है।
पीड़िता के परिजनों ने सबसे पहले 28 जून 2025 को मांडवा थाने में रेप के आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दी थी। लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय उन्हें पंचायत में मामला सुलझाने की सलाह दी। इसके बाद, पीड़िता ने 17 अगस्त को दोबारा रिपोर्ट दी, फिर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
न्याय के लिए 18 सितंबर को पीड़िता ने उदयपुर एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश के बावजूद भी मांडवा थानाधिकारी ने केस दर्ज करने में कोई तत्परता नहीं दिखाई। जब इस लापरवाही की शिकायत आईजी तक पहुंची, तो थानाधिकारी देवीलाल मीणा को सस्पेंड कर दिया गया।
पीड़िता के पिता के अनुसार नवंबर 2024 में जंगल में लकड़ी लेने गई उनकी 15 साल की बेटी के साथ आरोपी सरदीराम ने चाकू दिखाकर रेप किया था। डर से बच्ची ने किसी को नहीं बताया। तबीयत खराब होने पर जांच में उसके गर्भवती होने का पता चला। मजबूरन परिजन उसे गुजरात के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया।
गांव लौटने पर, आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को धमकाया और नवजात को जबरन छीन लिया। पीड़िता के पिता ने एसपी कार्यालय में इसकी शिकायत की, जिसके बाद पुलिस की लापरवाही सामने आई और थानाधिकारी पर कार्रवाई हुई।
