उदयपुर में 24×7 बाजार खोलने की तैयारी
Share
व्यापारिक संगठनों, प्रशासन और पुलिस के बीच प्रारंभिक चर्चा; पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उदयपुर, 22 फरवरी: लेकसिटी उदयपुर में 24 घंटे बाजार खोलने के प्रस्ताव को लेकर मंथन तेज हो गया है। पर्यटन नगरी होने के कारण देर रात तक पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए व्यापारिक गतिविधियों को चौबीसों घंटे संचालित करने की संभावनाओं पर प्रशासन, पुलिस और व्यापारिक संगठनों के बीच अहम चर्चा हुई।
शहर के सूरजपोल, हाथीपोल, बापूबाजार और फतहसागर क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 24 घंटे बाजार खोलने का प्रस्ताव है। होटल, रेस्टोरेंट, मेडिकल स्टोर और आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जा रहा है। 24 घंटे बाजार खोलने को लेकर पर्याप्त सुरक्षा बल, रात्रि गश्त, सीसीटीवी निगरानी और ट्रैफिक प्लानिंग की व्यवस्था को लेकर प्लानिंग की जा रही है। साथ ही पार्किंग व्यवस्था तथा शोर-प्रदूषण नियंत्रण को लेकर मंथन किया जा रहा है।
इधर, व्यापारिक संगठनों का मानना है कि 24 घंटे बाजार खुलने से पर्यटन उद्योग को नया आयाम मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हालांकि बिजली खर्च, स्टाफ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर कुछ व्यापारियों ने चिंताएं जाहिर की है।
जयपुर सहित प्रदेश के इन चार शहरों में 24 घंटे बाजार खोलने की योजना
सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार पर्यटन और औद्योगिक शहरों में चरणबद्ध तरीके से 24 घंटे बाजार की योजना पर काम कर रही है। इन शहरों में राजधानी जयपुर के अलावा जोधपुर, कोटा और अजमेर शहर शामिल हैं। जयपुर में एमआई रोड और मालवीय नगर, जोधपुर में सरदारपुरा, कोटा में तलवंडी और अजमेर में दरगाह बाजार क्षेत्र को संभावित पायलट जोन माना जा रहा है। यदि यह मॉडल सफल रहता है तो राजस्थान देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो सकता है, जहां प्रमुख शहरों में 24×7 आर्थिक गतिविधियां संचालित होंगी। प्रशासन द्वारा सभी पक्षों से सुझाव लेने के बाद अंतिम निर्णय शीघ्र लिया जा सकता है।
