जावर माइंस में वृक्षारोपण की वास्तविकता पर उठे सवाल
Share
विधायक फूलसिंह मीणा ने विधानसभा में भौतिक सत्यापन और कार्रवाई की मांग की
उदयपुर, 26 फरवरी: उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव-131 के तहत हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड (जावर माइंस) द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण की वास्तविक स्थिति और जीवित पौधों के सत्यापन का मुद्दा उठाया।
मीणा ने कहा कि कंपनी द्वारा प्रतिवर्ष हजारों पौधे लगाने का प्रचार किया जाता है और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं, लेकिन जिन स्थानों पर वृक्षारोपण दिखाया गया, वहां अधिकांश पौधे बाद में जीवित नहीं मिले। कई पौधे रोपण के कुछ समय बाद ही सूख गए और उनकी समुचित देखरेख नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि खनन से निकलने वाले अवशिष्ट (माइन टेलिंग) के अनियंत्रित निस्तारण से आसपास प्राकृतिक रूप से विकसित हजारों पेड़ नष्ट हुए हैं, जिससे हरित पट्टी और जैव विविधता को नुकसान पहुंचा है।
विधायक ने 2020 से 2025 तक किए गए वृक्षारोपण का संपूर्ण भौतिक सत्यापन, जीवित पौधों का सार्वजनिक विवरण तथा पर्यावरणीय क्षति का स्वतंत्र आकलन करवाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
