डूंगरपुर में रामबोला मठ महंत ने कार्यक्रम से किया किनारा
Share
नाम के दुरुपयोग का लगाया आरोप, अनुयायियों से दूरी बनाने की अपील
डूंगरपुर, 3 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): रामबोला मठ के महंत शिवशंकर दास महाराज ने 7 व 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले स्मृति महोत्सव, पादुका प्रतिष्ठा समारोह और चादर भंडारा उत्सव से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजनकर्ताओं ने उनके नाम का दुरुपयोग किया है, जबकि इस कार्यक्रम से उनका कोई संबंध नहीं है।
महंत ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर आए निमंत्रण पत्र से इस आयोजन की जानकारी मिली, जिसमें उनका और गुजरात पीठ शामलाजी के महामंडलेश्वर हरिकिशोर दास महाराज का नाम भी छापा गया है। जबकि न तो उनसे स्वीकृति ली गई और न ही परामर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि पत्रिका में नाम जोड़कर गलत तरीके से फायदा उठाने की कोशिश की गई है। महंत ने सनातन धर्म समिति और मठ के अनुयायियों से इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
