चलती बाइक के पहिये में फंसी साड़ी, गर्दन में लगा फंदा
Share
पति के साथ शहर आ रही थी महिला, एमजी अस्पताल में भर्ती
बांसवाड़ा, 28 फरवरी: कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चलती बाइक के पहिये में साड़ी फंसने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। साड़ी का पल्लू टायर में उलझते ही गर्दन में फंदे की तरह कस गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी।
हादसा निचला घंटाला गांव के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। दिनेश निवासी खेर डाबरा अपनी पत्नी सविता के साथ बाइक से शहर आ रहे थे। रास्ते में अचानक सविता की साड़ी का पल्लू पिछले पहिये में फंस गया। पहिया घूमने के साथ कपड़ा गले में कसता गया और महिला नीचे गिर गई। गर्दन पर गहरे निशान आ गए और गंभीर चोट लगी।
राहगीरों की मदद से परिजन उसे तुरंत निजी वाहन से महात्मा गांधी अस्पताल बांसवाड़ा ले गए। प्राथमिक उपचार और जांच के बाद सविता को जनरल वार्ड में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
