राजसमंद में स्कूल ऑन व्हील्स की होगी स्थापना
Share
अरावली के पास बनेगी पक्की दीवार, हाईवे पर एक्सीडेंट रोकने को लगेंगे कैमरे
राजसमंद, 11 फरवरी: राजस्थान सरकार के तीसरे बजट में राजसमंद जिले को शिक्षा, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई अहम घोषणाएं मिली हैं। वित्त मंत्री एवं डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने बजट भाषण में जिले सहित प्रदेशभर में विकास योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया।
अरावली संरक्षण के लिए 130 करोड़ की दीवार
अरावली पर्वतमाला की करीब 4 हजार हेक्टेयर भूमि की सुरक्षा के लिए 130 करोड़ रुपए की लागत से पक्की दीवार बनाई जाएगी। साथ ही खान, पुलिस और वन विभाग के समन्वय से अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सड़क सुरक्षा को मिलेगा बल
प्रदेशभर में हाईवे पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए 2 हजार कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में 1800 करोड़ रुपए की लागत से नई सड़कें और ब्रिज बनाए जाएंगे। अगले साल 15 नए रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज भी प्रस्तावित हैं।
शिक्षा में नई पहल: स्कूल ऑन व्हील्स
हर जिले में ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ स्थापित किया जाएगा। साथ ही 10वीं-12वीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए 20 हजार रुपए तक ई-वाउचर सहायता मिलेगी। कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख विद्यार्थियों को मुफ्त यूनिफॉर्म देने पर 250 करोड़ खर्च होंगे। सभी सरकारी स्कूलों में टॉयलेट निर्माण भी किया जाएगा।
पेयजल और रोजगार योजनाएं
जलदाय विभाग में 3 हजार संविदा कर्मियों की नियुक्ति होगी। 6500 गांवों को हर घर नल योजना से जोड़ा जाएगा और 3 लाख नए कनेक्शन दिए जाएंगे। गर्मियों में 600 ट्यूबवेल लगाए जाएंगे तथा हर कलेक्टर को समर कंटिजेंसी के लिए 1 करोड़ रुपए मिलेंगे।
युवा, खेल और नशामुक्ति अभियान
ग्राम पंचायत स्तर पर यूथ गेम्स आयोजित होंगे। सीएम स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण व अनुदान दिया जाएगा। नशे के खिलाफ ‘राज सवेरा’ अभियान चलाकर युवाओं के पुनर्वास की व्यवस्था होगी। इन घोषणाओं से राजसमंद जिले में शिक्षा, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
