सपने में देखा सोना, खेत में खुदाई करते पकड़े 6 युवक
Share
नाथद्वारा, 8 मार्च: मोर्चरी के पास खेत में सोना गड़ा होने के सपने के आधार पर खुदाई करने पहुंचे छह युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला श्रीनाथजी मंदिर थाना क्षेत्र का है।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि 6 मार्च की रात करीब 12.23 बजे पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इस दौरान आरके हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के पास एक इको वैन खड़ी नजर आई। पुलिस को देखते ही ड्राइवर वाहन लेकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर वाहन रुकवाया और पूछताछ की।
ड्राइवर ने बताया कि उसके कुछ साथी पास के खेत में हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां गेती, फावड़ा और तगारी पड़ी मिली और खेत में खुदाई के निशान दिखाई दिए। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाकर आसपास तलाशी ली गई और छह संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में किशनलाल माली ने बताया कि उसे सपना आया था कि अस्पताल के पास खेत में सोना गड़ा हुआ है। इसी आधार पर उसने अपने दोस्तों को बुलाया और सभी रात में वहां खुदाई करने पहुंच गए। पुलिस ने सभी युवकों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
