LOADING

Type to search

राजसमंद के CRPF जवान का नीमच कैंपस में मिला कंकाल, 44 दिन से था लापता

Local

राजसमंद के CRPF जवान का नीमच कैंपस में मिला कंकाल, 44 दिन से था लापता

Share

झाड़ियों में सफाई के दौरान मिला
राजसमंद, 10 फरवरी:
राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम कस्बे निवासी CRPF जवान नंदकिशोर प्रजापति का कंकाल मध्यप्रदेश के नीमच छावनी परिसर में मिलने से सनसनी फैल गई। जवान पिछले 44 दिनों से लापता थे। आखिरी बार उन्होंने पत्नी से फोन पर बात कर 50 दिन की छुट्टी लेकर घर आने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
जवान नंदकिशोर प्रजापति (42) पुत्र अमरचंद प्रजापति भीम कस्बे के कुम्हार मोहल्ले के रहने वाले थे। मंगलवार को सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले जवान के सम्मान में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जवान के छोटे भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि नंदकिशोर वर्ष 2004 में CRPF में भर्ती हुए थे। 8 फरवरी को नीमच छावनी परिसर में सफाई के दौरान कर्मचारियों को झाड़ियों में एक कंकाल मिला। इसकी सूचना CRPF अधिकारियों को दी गई।
सूचना मिलने पर नंदकिशोर के दोनों बेटे पंकज और राहुल सहित करीब 20 परिजन नीमच पहुंचे। 9 फरवरी को अधिकारियों ने शिनाख्त करवाई और पुष्टि होने के बाद जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पत्नी से आखिरी बातचीत 26 दिसंबर को हुई थी
महेंद्र सिंह ने बताया कि नंदकिशोर ने 26 दिसंबर 2025 की रात पत्नी गंगादेवी से फोन पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि ड्यूटी खत्म कर 27 दिसंबर को छुट्टी लेकर घर के लिए रवाना होंगे।
जब 27-28 दिसंबर तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए। रूम पार्टनर जवान मांगीलाल ने बताया कि नंदकिशोर घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन उनका सामान कमरे में ही पड़ा था। दो मोबाइल में से एक फोन कमरे में मिला, जबकि दूसरा गायब था।
गुमशुदगी दर्ज, अब जांच जारी
परिजन 28 दिसंबर को नीमच पहुंचे, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि वे छुट्टी पर गए हैं। आसपास के गांवों में तीन दिन तक तलाश की गई, पर कोई सुराग नहीं मिला। 1 जनवरी 2026 को नीमच थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 8 फरवरी को मिले कंकाल की पहचान नंदकिशोर के रूप में हुई। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगा। कैंट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *