पुलिस पर फायरिंग कर भागे तस्कर, 207 किलो डोडा-चूरा बरामद
Share
पीछा करने पर फॉर्च्यूनर छोड़ अंधेरे में फरार
बांसवाड़ा, 1 मार्च: शनिवार देर रात प्रतापगढ़ से शुरू हुआ तस्करों का फिल्मी अंदाज में पीछा बांसवाड़ा की पहाड़ियों में जाकर थमा। अवैध डोडा-चूरा से भरी एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर ने दो जिलों की पुलिस को घंटों छकाया। सूचना मिलते ही दानपुर और आबापुरा थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर घेराबंदी की गई, लेकिन तस्करों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और तेज रफ्तार में गांवों की संकरी गलियों से निकल गए।
पुलिस के लगातार पीछा करने पर बदमाशों ने टीम पर कई राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। घेराबंदी सख्त होने पर तस्कर वाहन को दानपुर क्षेत्र के खजूरी गांव की ओर मोड़ ले गए, जहां उबड़-खाबड़ रास्ते में गाड़ी फंस गई। पुलिस को करीब आता देख आरोपी फॉर्च्यूनर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पहाड़ियों में फरार हो गए।
वाहन की तलाशी में 207 किलो डोडा-चूरा बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर तस्करों की पहचान और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
