बोर्ड परीक्षा देने जा रही छात्रा को हार्ट अटैक, मौत
Share
-सहेलियों के सामने गिरी बेहोश, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
-जिसने सुना, हुआ हैरान, एक ही चिंता ‘बच्चों को कैसे हार्ट अटैक? ’
बांसवाड़ा, 28 फरवरी: 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही छात्रा की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सहेलियों के साथ स्कूल जा रही छात्रा चक्कर खाकर बेहोश होकर गिर पड़ी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के सागवा गांव में शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे हुई। मृतका पूजा कुमारी मीणा, निवासी अरनोद (प्रतापगढ़), पिछले दो वर्षों से सागवा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी और सरकारी बालिका छात्रावास में रह रही थी। शनिवार को उसका कृषि विज्ञान का पेपर था।
सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। सहेलियों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मदद से छात्रा को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
