राजस्थान में 12 अक्टूबर का उप पल्स पोलिया टीकाकरण अभियान स्थगित
Share
उदयपुर, 3 अक्टूबर: राजस्थान में इस बार 12 अक्टूबर से चलने वाला उप पल्स पोलिया अभियान फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. मधु रतेश्वर ने इसकी पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने इस अभियान के टाले जाने के कारणों की जानकारी नहीं दी।
इधर, चिकित्सा महकमे से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन के कारण इसे टालने का निर्णय लिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि अभियान दिवाली के बाद या नवम्बर महीने में आयोजित किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार अभियान के पहले दिन शहर के अस्पतालों और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के साथ चिकित्सा विभाग के बूथों पर पांच साल तक के सभी शिशुओं को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। इसके बाद अगले दो दिनों में स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा घर-घर और ठौर-ठौर जाकर उन बच्चों को खोजा जाएगा, जो पहली बार दवा नहीं गटक पाए। गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), यूनिसेफ (UNICEF) और अन्य एजेंसियां के तकनीकी सहयोग से पल्स पोलिया टीकाकरण अभियान देश भर में चलाया जाता है।
