LOADING

Type to search

अभी तो गर्मी की महज दस्तक, और.. सुलगने लगीं अरावली की पहाड़ियां

Local

अभी तो गर्मी की महज दस्तक, और.. सुलगने लगीं अरावली की पहाड़ियां

Share

ऋषभदेव, बड़गांव और भुवाणा में हालिया आग की घटनाओं से बढ़ी चिंता, प्रशासन अलर्ट
उदयपुर, 28 फरवरी (सुभाष शर्मा):
शहर और जिले में तापमान बढ़ते ही अरावली की पहाड़ियों में आग की घटनाएं सामने आने लगी हैं। हाल के दिनों में ऋषभदेव, बड़गांव और भुवाणा क्षेत्र में लगी आग ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सूखी झाड़ियां और तेज हवाएं आग को तेजी से फैलाने में सहायक बन रही हैं।
हाल ही में ऋषभदेव कस्बे के बलुआ रोड स्थित पहाड़ी क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। शाम के समय उठते धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। सूचना पर ग्राम पंचायत प्रशासक मनीष मीणा, पुलिस थाना ऋषभदेव की टीम और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से झाड़ियों और छोटे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा।
इसी प्रकार बड़गांव और भुवाणा क्षेत्र की ढलानों पर भी छोटी-बड़ी आग की घटनाएं दर्ज की गईं। वन अधिकारियों का कहना है कि कई मामलों में मानवीय लापरवाही—जैसे जलती बीड़ी-सिगरेट फेंकना या सूखी घास में कचरा जलाना—मुख्य कारण बन रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ी आग से मिट्टी की उपजाऊ परत नष्ट होती है, जिससे वर्षा ऋतु में कटाव बढ़ जाता है। छोटे जीव-जंतु और पक्षियों के घोंसले भी प्रभावित होते हैं। वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में फायर लाइन बनाने, गश्त बढ़ाने और त्वरित सूचना तंत्र सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि पहाड़ियों पर भ्रमण के दौरान सावधानी बरतें और कहीं भी धुआं या आग दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते बड़ी घटना टाली जा सके।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *