आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से राजसमंद में तनाव
Share
हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, आरोपी पर 11 मामले दर्ज, छह माह से फरार
राजसमंद, 19 दिसम्बर: राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के खंडेल गांव से जुड़े एक आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वीडियो सामने आते ही हिंदू संगठनों और संत समाज में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके चलते गुरुवार को खंडेल चौराहे पर सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
वायरल वीडियो में खंडेल निवासी रतनलाल बागरिया धारदार हथियार से मवेशी की हत्या करते हुए फिल्मी डायलॉग बोलता नजर आ रहा है। वीडियो में उसके साथ तीन युवक और एक युवती की मौजूदगी की भी बात सामने आई है। वीडियो के प्रसार के बाद लोगों में गुस्सा भड़क उठा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई।
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से चौराहे पर बड़ी संख्या में युवा एकत्र हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर कुंवारिया थाना अधिकारी सीआई रामचंद्र कुमावत पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नेत्रपाल सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश कर हालात को नियंत्रित किया।
डीएसपी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी रतनलाल बागरिया के खिलाफ चोरी सहित करीब 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह पिछले छह माह से फरार है। प्रशासन की मौजूदगी में आरोपी के परिवार द्वारा गांव में किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो 9 सितंबर का है, जो गंगापुर थाना सर्कल के पोटला गांव का बताया जा रहा है। संबंधित थाना पुलिस को सूचना देकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
