37 घंटे में भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, संगठन के फैसले पर उठाया सवाल
Share
पहले बनाया था नगर मंडल अध्यक्ष, 16 दिन बाद पद बदला, लिखा-इस घटनाक्रम से आघात पहुंचा
चित्तौड़गढ़, 5 फरवरी: भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक फैसलों को लेकर विवाद सामने आया है। चित्तौड़गढ़ में जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने के महज 37 घंटे बाद ही सुदर्शन रामपुरिया ने पद से इस्तीफा दे दिया। गुरुवार को वे सकल जैन समाज के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे और कार्यालय प्रमुख को अपना इस्तीफा सौंपा।
रामपुरिया को 16 दिन पहले नगर मंडल अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन मंगलवार देर रात पार्टी ने उन्हें हटाकर गौरव त्यागी को नगर अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। इसके बाद डैमेज कंट्रोल के तौर पर रामपुरिया को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया, लेकिन उन्होंने जिम्मेदारी स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
इस्तीफे में रामपुरिया ने लिखा कि जैन समाज प्रारंभ से भाजपा समर्थित रहा है, लेकिन इस घटनाक्रम से समाज और उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बार-बार दायित्व परिवर्तन की संभावना के चलते वे पद संभालने में असमर्थ हैं।
रामपुरिया ने स्पष्ट किया कि उन्हें पार्टी से कोई शिकायत नहीं है और यह उनका निजी निर्णय है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता बने रहेंगे और संगठन के निर्देशानुसार सेवा करते रहेंगे। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। नगर मंडल अध्यक्ष बदलने और फिर जिला उपाध्यक्ष के इस्तीफे से कार्यकर्ताओं व समाज में नाराजगी की चर्चा तेज हो गई है।
