बांसवाड़ा में युवक की मौत का मामला पलटा, परिजनों ने दर्ज कराई दुर्घटना की रिपोर्ट
Share
बांसवाड़ा, 3 फरवरी: जिले के सदर थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना के दो दिन बाद परिजनों ने इसे हत्या नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना मानते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी गोपीचंद मीणा के अनुसार, मृतक के परिजन पहले हत्या का आरोप लगा रहे थे, लेकिन समझाइश के बाद उन्होंने दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामला कासलीखोरा क्षेत्र का है, जहां 1 फरवरी की रात केसरपुरा निवासी प्रवीण (30) की मौत हो गई थी।
मृतक के भाई प्रकाश ने रिपोर्ट में बताया कि प्रवीण रात करीब 11 बजे अपने ससुराल कासलीखोरा से पैदल निकल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रवीण को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का कहना है कि प्रवीण का ससुराल पक्ष से डीजे के बकाया पैसों को लेकर विवाद चल रहा था, इसी कारण पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। सीआई रूपसिंह ने बताया कि मंगलवार शाम लंबी बातचीत के बाद पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है और पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
