आकाशवाणी संगीत सम्मेलन में चला शास्त्रीय सुरों का जादू
Share
उदयपुर, 8 नवम्बर: राजस्थान कृषि महाविद्यालय के नूतन सभागार में शनिवार शाम 67वें आकाशवाणी संगीत सम्मेलन में शास्त्रीय सुरों और भजनों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में ‘गरज गरज’ फेम मोहम्मद अमान ने राग पूरिया कल्याण की बंदिशों ‘आज ऐसो बनाबन आयो’ और ‘बन-ठन आयो बदरा’ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद डॉ. विजेंद्र गौतम ने मीरां, सूरदास और कबीर के भजन तथा समकालीन गीतों की प्रस्तुति से वातावरण भक्ति और संगीत रस में डुबो दिया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी और विशिष्ट अतिथि ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा थे। आकाशवाणी उप महानिदेशक राजेंद्र नाहर ने बताया कि यह सम्मेलन देश के 24 शहरों में आयोजित हो रहा है, जिसका प्रसारण 26 दिसंबर से 23 जनवरी तक सभी आकाशवाणी केंद्रों व डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रात्रि 10 से 11 बजे तक होगा।
