राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज
Share
ग्रैंड ओपनिंग सेरेमनी में झलकी राजस्थान की संस्कृति
चित्तौड़गढ़, 5 दिसम्बर: चित्तौड़गढ़ जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि पहली बार स्कूली स्तर की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। सोमवार से जिले में अंडर-14 आयु वर्ग की राष्ट्रीय स्कूली हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें देशभर से खिलाड़ी और अधिकारी पहुंचे हैं। प्रतियोगिता 5 से 10 जनवरी तक आयोजित की जाएगी।
जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित ग्रैंड ओपनिंग सेरेमनी में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली। पारंपरिक तरीके से बाहर से आए खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों का स्वागत किया गया। स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों का मार्च पास्ट हुआ, जिसमें प्रत्येक टीम का नेतृत्व उसके कप्तान ने किया।
1050 खिलाड़ी, 250 ऑफिशियल्स कर रहे प्रतिभाग
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 33 बॉयज और 32 गर्ल्स टीमें भाग ले रही हैं। कुल 1050 खिलाड़ी और करीब 250 ऑफिशियल्स आयोजन से जुड़े हुए हैं। सभी मुकाबले इंदिरा गांधी स्टेडियम में बनाए गए चार मैदानों पर खेले जाएंगे।
बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना
खिलाड़ियों के लिए भोजन, आवास और परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है। मैदान परिसर में ही भोजनशाला बनाई गई है। स्वास्थ्य और मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
ओपनिंग सेरेमनी में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलेक्टर आलोक रंजन, भाजपा महामंत्री हर्षवर्धन रूद, रघु शर्मा, पूर्व नगर परिषद सभापति सुशील शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
संस्कृति और इतिहास से होंगे रूबरू
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने कहा कि बाहर से आए खिलाड़ियों को चित्तौड़गढ़ की संस्कृति और ऐतिहासिक स्थलों से परिचित कराने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं विधायक आक्या ने उम्मीद जताई कि राजस्थान की टीम इस बार भी शानदार प्रदर्शन करेगी।
