पाकिस्तान एयरफोर्स ने अपने ही लोगों पर बमबारी
Share
महिलाओं-बच्चों समेत 30 की मौत, सेना बोली- TTP का ठिकाना था
इस्लामाबाद, 22 सितम्बर: पाकिस्तान वायुसेना ने रविवार देर रात खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की तिराह घाटी में अपने ही नागरिकों पर हवाई हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन निर्मित J-17 विमानों से आठ लेजर-गाइडेड बम गिराए गए। इसमें करीब 30 लोगों की मौत हुई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि न्यूज एजेंसी PTI ने 24 मौतों की पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हैं, लेकिन उनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सेना का पक्ष
पाकिस्तानी सेना का कहना है कि निशाना तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का बम बनाने वाला ठिकाना था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, TTP कमांडर अमान गुल और मसूद खान मस्जिदों में विस्फोटक छिपाकर रख रहे थे।
स्थानीय लोगों और सांसद का आरोप
इलाके के लोगों ने आरोप लगाया कि सेना पुख्ता जानकारी के बिना हमले कर रही है, जिससे आम नागरिकों की जान जा रही है। खैबर के सांसद मोहम्मद इकबाल खान अफरीदी ने कहा कि जेट विमानों की बमबारी में निर्दोष नागरिक मारे गए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से घटनास्थल पर विरोध जताने की अपील की।
मानवाधिकार संगठन की मांग
पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग (HRCP) ने इस हमले की निंदा की है। आयोग ने कहा कि सरकार का दायित्व है नागरिकों की सुरक्षा करना, लेकिन वह बार-बार नाकाम रही है। HRCP ने इस घटना की तुरंत और निष्पक्ष जांच की मांग की।
मीडिया रिपोर्ट्स
डॉन न्यूज ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा कि जेट विमानों ने चार घरों पर बम गिराए, जो पूरी तरह तबाह हो गए। हालांकि यह साफ नहीं है कि हमला सीधे एयरफोर्स ने किया या किसी अन्य सुरक्षा एजेंसी ने।
