कुम्भलगढ़ के लोग नहीं चाहते ‘विलेज सफारी’
Share
मंदिर मार्ग पर तेज रफ्तार और हुड़दंग से सुरक्षा व आस्था पर खतरे का आरोप
उदयपुर, 24 फरवरी: कुम्भलगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत गवार के बीड की भागल में तीखी माताजी और चामुण्डा माताजी मंदिर मार्ग पर संचालित ‘विलेज सफारी’ वाहनों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने केलवाड़ा थाने में लिखित शिकायत देकर इन गाड़ियों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के पास से गुजरने वाले इस मार्ग पर सफारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ाए जा रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। बीड की भागल में करीब 100 घरों की आबादी है और यही रास्ता माताजी मंदिर का मुख्य मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं, वहीं पास की चरागाह भूमि से मवेशियों की आवाजाही भी इसी रास्ते से होती है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ चालक और पर्यटक चरागाह में वाहन खड़े कर शराब सेवन और हुड़दंग करते हैं, जिससे मंदिर क्षेत्र की पवित्रता और शांति भंग होती है। ग्रामीणों का दावा है कि पूर्व में भी इस मार्ग पर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
शिकायत दर्ज कराते समय किशन सिंह, रतन सिंह, वरद्दी सिंह, मोहन सिंह, हरि सिंह और नोजा सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर मार्ग पर सफारी संचालन बंद कर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
