बैटरी चोरों को पकड़ने पुलिस 4 किमी पैदल चली
Share
डंपरों-ट्रकों और इन्वर्टरों से बैटरियां चुराने वाले दो शातिर गिरफ्तार
बांसवाड़ा, 11 दिसंबर: बांसवाड़ा जिले में डंपरों, ट्रकों और इन्वर्टरों से बैटरियां चुराने वाले दो शातिर चोर आखिर पुलिस की पकड़ में आ गए। खास बात यह रही कि आरोपियों के ठिकाने तक वाहन पहुंचना संभव नहीं था, इसलिए सदर थाना पुलिस को रात के अंधेरे में करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर दबिश देनी पड़ी।
सदर थाना इंचार्ज बुधाराम विश्नोई ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक हर्षद मायल ने 5 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर की देर रात करीब 1:30 बजे हरिओम पेट्रोलियम, भगतपुरा से अज्ञात चोर 4 बैटरियां (1 एक्साइड, 3 एमरोन), डीजल का जार और दो कलर बाल्टियां चोरी कर ले गए थे।
शिकायत के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की और मुखबिरों की मदद से पता चला कि पांचलवासा कुवानिया निवासी हिम्मत (22) और दशरथ (21) लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनके ठिकाने तक कोई वाहन नहीं जा सकता था, इसलिए पुलिस टीम ने आधी रात पैदल ही गांव तक पहुंचकर दोनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने पेट्रोल पंप पर चोरी स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 चोरी की बैटरियां और 2 डीजे एम्पलीफायर बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि और चोरी का माल भी बरामद होगा।
