यूडीए ने 150 करोड़ की बेशकीमती जमीन से हटाए अवैध कब्जे
Share
मादड़ी पुरोहितान में 12.78 हैक्टेयर भूमि पर करवाई प्री-कास्ट बाउंड्रीवाल
उदयपुर, 6 फरवरी: उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने शहर के राजस्व ग्राम मादड़ी पुरोहितान क्षेत्र में करीब 150 करोड़ रुपए मूल्य की बेशकीमती जमीन से अवैध कब्जे हटाकर उसे अपने कब्जे में ले लिया। शुक्रवार को कार्रवाई के तुरंत बाद भूमि पर प्री-कास्ट बाउंड्रीवाल का निर्माण भी करवाया गया।
यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि यह भूमि मादड़ी पुरोहितान विस्तार योजना के लिए अधिग्रहित की गई थी। इसमें आराजी संख्या 353 से 363 तक कुल 3.08 हैक्टेयर तथा आराजी संख्या 364 से 370, 373 से 375, 377 से 379, 384 से 388 और 390 से 393 तक कुल 9.70 हैक्टेयर भूमि शामिल है। कुल मिलाकर यह क्षेत्र 12.78 हैक्टेयर है।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत धारा 4 की अधिसूचना 28 अक्टूबर 1988 तथा धारा 6 की अधिसूचना 17 नवम्बर 1989 को जारी की गई थी और बाद में अवार्ड भी पारित किया गया था। खातेदारों द्वारा इस अधिग्रहण को राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर और फिर सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली में चुनौती दी गई थी।
आयुक्त ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने अधिग्रहण की कार्रवाई को बहाल रखा और 1 दिसम्बर 2025 को भूमि का भौतिक कब्जा लिया जा चुका है।
भूमि के संरक्षण और भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए शुक्रवार को सचिव हेमेंद्र नागर के निर्देशन में तहसीलदार रणजीतसिंह विठू के नेतृत्व में टीम ने मौके पर प्री-कास्ट बाउंड्रीवाल का कार्य करवाया। यह भूमि एफसीआई से मादड़ी पुरोहितान जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित है। यूडीए की इस कार्रवाई से अवैध कब्जों पर सख्ती का संदेश गया है।
