आंखों में मिर्ची डालकर व्यापारी से दो लाख की लूट
Share
चित्तौड़गढ़ में घर के बाहर वारदात, बाइक सवार बदमाश फरार, सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध
चित्तौड़गढ़, 25 जनवरी: चित्तौड़गढ़ में शनिवार रात बेखौफ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। उपरलापाड़ा क्षेत्र में गोलप्याऊ चौराहे के पास घर के बाहर स्कूटी खड़ी कर रहे एक व्यापारी की आंखों में मिर्ची डालकर बदमाश दो लाख रुपये से भरा बैग लूट ले गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार स्वाति सेल्स के मालिक ओमप्रकाश बजाज दुकान बंद कर रात में घर लौटे थे। वे जैसे ही मकान के बाहर स्कूटी खड़ी कर रहे थे, तभी पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाश वहां पहुंच गए। बदमाशों ने अचानक उनकी आंखों में मिर्ची डाल दी। तेज जलन के कारण व्यापारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश उनके हाथ से दो लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग
घटना के बाद व्यापारी दर्द और घबराहट के कारण चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा।सूचना मिलने पर डीएसपी बृजेश सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और व्यापारी व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां आंखों का उपचार किया गया।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
जांच के दौरान एक स्थान के सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले से व्यापारी की रेकी की थी। व्यापारी के भतीजे गिरिराज बजाज की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच जारी है।
