डूंगरपुर-चित्तौड़गढ़ में सड़क हादसे, तीन की मौत
Share
डूंगरपुर/चित्तौड़गढ़, 1 मार्च : दक्षिणी राजस्थान में शनिवार-रविवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
डूंगरपुर के आसपुर थाना क्षेत्र में पूंजपुर नागेश्वरी मंदिर के पास मार्बल से भरा ट्रॉला खराब होकर बीच सड़क खड़ा था। तड़के एक क्रूजर जीप और ईको कार पीछे से ट्रॉले से टकरा गए। हादसे में मुंगाना निवासी अनिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश ननोमा मीणा और ईश्वर गंभीर घायल हो गए। एक घायल को रेफर किया गया है।
इसी जिले में नवाटापरा के पास ढूंढोत्सव से लौट रहा ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। चालक रूपलाल अहारी (45) की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। सभी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। वहीं चित्तौड़गढ़ के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 60 वर्षीय मदन बंजारा की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने भीलाखेड़ा रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने नाकाबंदी कर कार चालक कुलदीप निवासी बेदला, उदयपुर को गिरफ्तार कर लिया। प्रशासन की समझाइश के बाद देर रात जाम खुलवाया गया।
