ऑटो से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौत
Share
ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ दर्दनाक हादसा, दो की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
उदयपुर, 18 फरवरी: उदयपुर जिले के कोटड़ा ब्लॉक स्थित मांडवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा कोदरमाल गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के दौरान बाइक ऑटो से टकरा गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत कोटड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में मृत युवकों में हरीश (24) पुत्र मसरू गमार, शंकरलाल (25) पुत्र सुनील खराड़ी और कालाराम (23) पुत्र किसनाराम शामिल हैं, तीनों युवक कोटड़ा के रहने वाले हैं।
थानाधिकारी निर्मल कुमार ने बताया कि बाइक सवार युवक मांडवा से कोटड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार जीप आ रही थी। बाइक चालक ने ऑटो को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी बाइक ऑटो से टकरा गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मांडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इधर, गोगुंदा हाईवे पर हादसे में तीन घायल
गोगुंदा-उदयपुर हाईवे पर मदारड़ा कट के समीप बुधवार शाम करीब 6 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र सिंह राजपूत के अनुसार डिंगारी निवासी मीठाराम और दिनेश तथा घाटा निवासी तुलसीराम एक ही बाइक पर गोगुंदा से उदयपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तीव्र थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हाईवे एंबुलेंस और गोगुंदा पुलिस पहुंची तथा घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने दो युवकों की हालत नाजुक बताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
दो बाइक की भिड़ंत, रिटायर्ड फौजी की मौत
कुराबड़ रोड पर सुबह हुआ हादसा, प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मचा हड़कंप
उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई। दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे उदयसागर चौराहे से पहले कुराबड़ मार्ग पर मस्जिद के पास हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहोशी की हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहनलाल (60) पुत्र रतनलाल राव निवासी परमदा, कुराबड़ के रूप में हुई है। वह सेना से रिटायर्ड बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि परिजनों से रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार एक बाइक सवार उदयपुर की ओर से कुराबड़ जा रहा था, जबकि सोहनलाल कुराबड़ से उदयपुर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान मस्जिद के पास अचानक दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सोहनलाल उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में दोनों बाइकों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। परमदा सरपंच शिवलाल ने बताया कि सोहनलाल कुराबड़ से उदयपुर अस्पताल डॉक्टर को दिखाने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है।
