LOADING

Type to search

पानी की बोतल में 60 लाख की स्मैक सहित दो युवक पकड़े

Local

पानी की बोतल में 60 लाख की स्मैक सहित दो युवक पकड़े

Share

दोनों आरोपी प्रतापगढ़ जिले के, दानपुर पुलिस की कार्रवाई
बांसवाड़ा, 10 जनवरी:
मध्यप्रदेश और गुजरात की सीमा से सटे होने के कारण बांसवाड़ा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में दानपुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए पानी की बोतल में छिपाकर ले जाई जा रही स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
दानपुर थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा ने बताया कि घोड़ी तेजपुर गांव में प्रतापगढ़ मार्ग पर पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से बांसवाड़ा आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवक नाकाबंदी देखकर अचानक वापस मुड़ने लगे, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम वीकलाल पुत्र हरिराम राणा निवासी टापरिया प्रतापगढ़ एवं प्रकाश पुत्र कुशाल अमरोत निवासी पठार प्रतापगढ़ बताए।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक के हाथ में पकड़ी स्टील की पानी की बोतल पुलिस को संदिग्ध लगी। बोतल ऊपर से खाली थी, लेकिन वजन अधिक महसूस हुआ। बारीकी से देखने पर बोतल के निचले हिस्से में जोड़ नजर आया। उसे खोलने पर अंदर प्लास्टिक की थैली में 550 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर स्मैक के साथ दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे टापरिया निवासी रमेश के कहने पर स्मैक को घोड़ी तेजपुर कस्बे में जगदीश नामक व्यक्ति को देने जा रहे थे। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *