उदयपुर में फतहसागर किनारे बनेगा अस्थाई ‘बीच’, खेलो इंडिया गेम में होंगे बीच वॉलीबॉल मुकाबले
Share
उदयपुर, 19 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): उदयपुर की फतहसागर झील किनारे महाकाल मंदिर के पीछे अस्थाई ‘बीच’ तैयार किया जा रहा है, जहां 25 नवंबर से शुरू होने वाले खेलो इंडिया गेम के तहत बीच वॉलीबॉल मुकाबले होंगे। ग्राउंड पर एक फीट मोटी बारीक रेत बिछाई जाएगी, जिस पर खिलाड़ी मुकाबले खेलेंगे। गुजरात से करीब 600 टन रेत आज पहुंचना शुरू हुई है।
इस बीच 18 बाई 26 फीट के दो ग्राउंड बनाए जा रहे हैं, जिन्हें तीन दिन में तैयार किया जाएगा। दर्शकों के लिए बैठने की भी व्यवस्था की गई है। पूर्व जिला खेल अधिकारी और वॉलीबॉल प्रशिक्षक अजीत कुमार जैन ने बताया कि बीच वॉलीबॉल सामान्य वॉलीबॉल से अलग है क्योंकि रेत में बार-बार पैर धंसने के कारण खिलाड़ी को ज्यादा ऊर्जा और ताकत लगती है।
खेलो इंडिया गेम में उदयपुर में अलग-अलग खेल आयोजित होंगे। 25 से 28 नवंबर तक एमबी ग्राउंड में जूडो, 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक फतहसागर किनारे बीच वॉलीबॉल और 2 से 4 दिसंबर तक कयाकिंग-कनोइंग मुकाबले होंगे।
जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल ने बताया कि मंदिर के पास होने के कारण ग्राउंड पर केवल वेज फूड कोर्ट का आयोजन होगा। होटल में खिलाड़ियों के लिए नॉनवेज व्यवस्था रहेगी। इस तरह खेल और धार्मिक परंपरा का ध्यान रखते हुए आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारी चल रही है।
