उदयपुर में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए दोहरी व्यवस्था
Share
कालिका व टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम ने निकाला रोड शो, 25 बाइक से होगी गश्त
उदयपुर, 4 मार्च: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी उदयपुर में अब पर्यटकों की सुरक्षा के लिए दो टीमें सक्रिय रहेंगी। बुधवार को पर्यटक सुरक्षा जागरूकता के तहत नई टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया। इस टीम और पहले से कार्यरत कालिका टीम ने संयुक्त रूप से रोड शो निकाला।
रोड शो शाम को दूध तलाई से शुरू होकर फतहसागर झील की पाल पर समाप्त हुआ। यहां आयोजित बैठक में एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने जवानों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दुनियाभर से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सहायता हमारी प्राथमिकता है, इसलिए सभी जवान सतर्क और संवेदनशील रहें।
पुलिस के अनुसार सरकार से 25 गश्ती बाइक उपलब्ध कराई गई हैं, जिन पर तैनात जवान प्रमुख पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग करेंगे। कालिका टीम पहले से महिला पर्यटकों की सुरक्षा में सक्रिय है, वहीं नई टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम के जुड़ने से पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
