उदयपुर ने फिर रचा इतिहास, “सिटी विद द बेस्ट नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट सिस्टम” का खिताब जीता
Share
अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस 2025 में राजस्थान की उपलब्धि पर देश को गर्व
उदयपुर, 9 नवम्बर: उदयपुर ने देशभर में एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2025 में उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को “City with the Best Non-Motorized Transport System” श्रेणी में Award of Excellence in Urban Transport से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल उदयपुर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का क्षण बनी।
यह सम्मान केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदान किया। राज्य सरकार की ओर से पुरस्कार ग्रहण करते हुए नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यह सम्मान राजस्थान के सतत, हरित और जनमित्र शहरी विकास के सामूहिक प्रयासों की पहचान है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत उदयपुर में शहरी परिवहन को पर्यावरण-अनुकूल और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। फतहसागर झील, हिरण मगरी और बलिचा स्मार्ट रोड पर 14.5 किमी लंबे साइक्लिंग ट्रैक, डॉकिंग यार्ड्स और 400 सार्वजनिक साइकिलों की सुविधा से शहर को हरित परिवहन की दिशा में नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पारदर्शी और नवाचार आधारित नीति के परिणामस्वरूप उदयपुर अब पर्यटन नगरी से आगे बढ़कर “स्मार्ट विज़न, स्वच्छ परिवेश और सतत विकास” का प्रतीक बन चुका है।
