एक साल बाद आमजन के लिए खुलेगी उदयपुर लॉयन सफारी, राज्यपाल कटारिया आज करेंगे उद्घाटन
Share
उदयपुर, 15 फरवरी: उदयपुर में तैयार हुई लॉयन सफारी को बने एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब जाकर जनता को इसका लाभ मिलने जा रहा है। वन विभाग की मंशा थी कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करें, मगर मुख्यमंत्री को समय नहीं मिल पाया।
चर्चा थी कि भजनलाल सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सीएम उदयपुर आकर लॉयन सफारी का शुभारंभ करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया 16 फरवरी को सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में लॉयन सफारी का उद्घाटन करेंगे।
अब जनता देख सकेगी शेरों का रोमांचक सफर
वाइल्ड लाइफ के उप वन संरक्षक यादवेन्द्रसिंह चुंडावत का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद अब उदयपुरवासी और पर्यटक जंगल सफारी के दौरान शेरों को करीब से देख सकेंगे। फिलहाल सफारी क्षेत्र में दो शेर मौजूद हैं—सम्राट और सुनयना—जिन्हें पिछले महीने उनके पिंजरों से निकालकर सफारी क्षेत्र में छोड़ा गया था।
जयपुर के बाद दूसरा शहर बनेगा उदयपुर
जयपुर के बाद उदयपुर राजस्थान का दूसरा शहर होगा, जहां लॉयन सफारी की सुविधा शुरू हो रही है। इससे पर्यटन को नया आयाम मिलने की उम्मीद है और सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क इको-टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बन सकता है। वन विभाग के अनुसार सफारी के लिए नई जिप्सियां और व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं।
