उदयपुर की खबरें
Share
हाईकोर्ट ने जांच में न्यायिक हस्तक्षेप की सीमा तय की
मामला चित्तौड़गढ़ से जुड़ा, कहा- कोर्ट जांच का आदेश दे सकता है, तरीका नहीं बता सकता
उदयपुर, 9 फरवरी: राजस्थान हाईकोर्ट ने पुलिस जांच की स्वतंत्रता और न्यायिक हस्तक्षेप की सीमाओं को लेकर अहम फैसला दिया है। जस्टिस संदीप शाह की एकलपीठ ने कहा कि मजिस्ट्रेट या उच्च अदालत पुलिस को किसी मामले में पुनः जांच या अग्रिम जांच का निर्देश दे सकती है, लेकिन यह नहीं बता सकती कि जांच किस तरीके से की जाए या साक्ष्य किस माध्यम से जुटाए जाएं।
मामला चित्तौड़गढ़ जिले की 2024 की एक एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें पुलिस ने जांच के बाद एफआर पेश की थी। शिकायतकर्ता ने इसके खिलाफ प्रोटेस्ट पिटीशन दायर की। सीजेएम कोर्ट ने अग्रिम जांच का आदेश देते हुए विवादित चेक व हैंड नोट के हस्ताक्षरों की एफएसएल जांच कराने का निर्देश भी दे दिया था। इस आदेश को सत्र न्यायालय ने भी बरकरार रखा, जिसके खिलाफ याचिकाकर्ता महावीर ने हाईकोर्ट में चुनौती दी।
हाईकोर्ट ने कहा कि अपराध की जांच करना पुलिस का विशेष अधिकार क्षेत्र है। अदालत केवल यह बता सकती है कि जांच होनी चाहिए, लेकिन यह तय नहीं कर सकती कि कौन सा साक्ष्य कैसे जुटाया जाए। यदि अदालत पहले ही एफएसएल रिपोर्ट जैसे साक्ष्य लेने का निर्देश दे दे तो यह निष्पक्ष सुनवाई के सिद्धांत के खिलाफ होगा।
कोर्ट ने निचली अदालतों के एफएसएल जांच संबंधी निर्देश हटाते हुए कहा कि पुलिस अग्रिम जांच स्वतंत्र रूप से जारी रखेगी और निष्पक्ष रिपोर्ट पेश करेगी।
देव मंगरी धाम में 11 से शुरू होगा मेवाड़ का महाकुंभ
9 कुंडीय यज्ञवेदी व संतों के लिए बनीं 30 से अधिक कुटियाएं
udr raj mahakumbh
राजसमंद, 9 फरवरी: फ़ियावड़ी गांव स्थित देव मंगरी धाम में 11 फरवरी से 10 दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ होगा। इसे मेवाड़ का महाकुंभ कहा जा रहा है। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक माहौल से सराबोर हो चुका है।
राजगुरु परिवार के कन्हैयालाल व यज्ञाचार्य पं. राहुल महाराज ने बताया कि 11 फरवरी को गणपति स्थापना के साथ आयोजन शुरू होगा, जबकि 12 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान देशभर के प्रसिद्ध संत, कथावाचक और भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव में आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाश नंद गिरि महाराज, महंत अवधेशानंद महाराज, महंत सीताराम दास महाराज सहित कई संत-महंत शामिल होंगे। वृंदावन से देवकी नंदन ठाकुर और देवी चित्रलेखा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगी।
श्री मंगरी श्याम सेवा समिति व ग्रामवासी भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ, संत प्रवचन, विशाल भजन संध्या और विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित करेंगे। मंदिर भोपाजी किशनलाल गाडरी ने बताया कि आयोजन हेतु 9 कुंडीय यज्ञवेदी बनाई गई है तथा संतों के निवास के लिए 30 से अधिक कुटियाएं तैयार की गई हैं।
20 फरवरी को नव-निर्मित मंदिर में भगवान देवनारायण की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
भाभी को डायन बताकर देवर का जानलेवा हमला
बांसवाड़ा, 9 फरवरी: बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत देवर ने अपनी ही भाभी को “डायन” बताकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी घर में घुसते ही गाली-गलौज करने लगा और भाभी का गला पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वह गला घोंटने लगा।
चीख-पुकार सुनकर महिला की बेटी और बहू बचाने दौड़ीं, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और लात-घूंसे चलाए। शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को छोटी सरवन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद देर रात करीब 10 बजे तीनों को जिला अस्पताल एमजीएच रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
डूंगरपुर में मुंबई के फोटोग्राफरों से हाईवे पर लूट
udr dug 01
डूंगरपुर, 9 फरवरी (पंजाब केसरी): डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर रविवार देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बरोठी के पास कार सवार मुंबई के दो फोटोग्राफरों को छह नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाकर लूट लिया। आरोपियों ने चाकू, तलवार और पत्थरों से हमला कर ड्राइवर को घायल कर दिया और 20 हजार नकद, कैमरे, लैपटॉप व कार लेकर फरार हो गए।
डीएसपी तपेंद्र कुमार ने बताया कि कार ड्राइवर अमरसिंह सिसोदिया (36) निवासी रानावाड़ा उदयपुर, मुंबई के फोटोग्राफर किरण पंवार (पुणे) और अमय कुमार (मुंबई) को अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने जा रहा था। रात करीब 2 बजे बरोठी के पास कार का पेट्रोल खत्म हो गया। ड्राइवर पेट्रोल लेने गया, इसी दौरान एक बाइक पर तीन बदमाश पहुंचे और दोनों फोटोग्राफरों से मारपीट कर तलवार दिखाकर धमकाया।
बदमाशों ने बैग से नकदी, कैमरे, लैपटॉप और घड़ी लूट ली। लौटने पर ड्राइवर पर भी हमला कर सिर फोड़ दिया। बाद में तीन और साथी पहुंचे और सभी आरोपी पेट्रोल डालकर कार लेकर भाग निकले। पुलिस तलाश में जुटी है।
2656 गर्भवती महिलाओं की जांच, नि:शुल्क सोनोग्राफी के वाउचर बांटे
उदयपुर, 9 फरवरी: जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की विशेष व्यवस्था की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि अभियान के दौरान चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच की गई तथा जरूरतमंद महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए वाउचर वितरित किए गए।
जिन महिलाओं में रक्त की कमी पाई गई, उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों पर एफसीएम इंजेक्शन लगाए गए, ताकि शीघ्र ही रक्त की मात्रा बढ़ाई जा सके और मातृ स्वास्थ्य में सुधार हो।
अभियान के अंतर्गत जिले के 132 चिकित्सा संस्थानों पर कुल 2656 गर्भवती महिलाओं की मुफ्त जांच की गई। वहीं 304 गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी हेतु वाउचर दिए गए। मां वाउचर योजना के तहत इन महिलाओं को सरकारी एवं पंजीकृत निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर भेजा गया। अभियान में ब्लड, यूरिन, हिमोग्लोबिन, बीपी, शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें निशुल्क की जाती हैं। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर विशेषज्ञ परामर्श के लिए उच्च संस्थानों पर रेफर किया जाता है। इस दौरान महिलाओं को पोषण, स्तनपान, टीकाकरण तथा आयरन-कैल्शियम सेवन के प्रति जागरूक किया गया। यह अभियान हर माह 9, 18 और 27 तारीख को आयोजित किया जाता है।
आरएनटी हॉस्पिटल का होगा कायाकल्प, पब्लिक हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर होगा मजबूत
हिन्दुस्तान जिंक और आएनटी मेडिकल कॉलेज के बीच एमओयू, नई कैथ लैब और आधुनिक सुविधाओं से मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
udr hzl rnt
उदयपुर, 9 फरवरी: जिंक सिटी उदयपुर के प्रमुख रवींद्र नाथ टैगोर (आरएनटी) हॉस्पिटल को अब हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से हिन्दुस्तान जिंक और आरएनटी मेडिकल कॉलेज के बीच एमओयू साइन किया गया है। इस पहल के तहत अस्पताल को भविष्य के लिए तैयार मल्टी-स्पेशियलिटी हेल्थकेयर सुविधा में अपग्रेड करने हेतु व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
हिन्दुस्तान जिंक द्वारा आरएनटी हॉस्पिटल के रीडिजाइन, डेवलपमेंट और अपग्रेडेशन के साथ एक अत्याधुनिक कार्डियक कैथटेराइजेशन लेबोरेटरी (कैथ लैब) भी स्थापित की जाएगी। इसका उद्देश्य उदयपुर एवं आसपास के जिलों के मरीजों को एडवांस्ड, सस्ती और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
एमओयू पर आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल विपिन माथुर और हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर हेड कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मुकेश शर्मा, एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. कीर्ति, वेदांता समूह की सीएसआर हेड अनुपम निधि सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
सीईओ अरुण मिश्रा बोले—स्वास्थ्य मजबूत समाज की नींव
हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने कहा कि मजबूत समाज के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं बुनियादी आवश्यकता हैं। यह पहल राजस्थान में जीवन रक्षक चिकित्सा ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
नई कैथ लैब से दिल के मरीजों को मिलेगा त्वरित इलाज
प्रोजेक्ट का प्रमुख हिस्सा अत्याधुनिक कैथ लैब की स्थापना है, जहां कोरोनरी एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, स्टेंट प्लेसमेंट और हार्ट अटैक जैसी इमरजेंसी स्थितियों का तुरंत इलाज संभव होगा। इससे मरीजों के रिस्पॉन्स टाइम और इलाज के परिणामों में बड़ा सुधार आएगा।
मेडिकल टूरिज्म हब बनने की उम्मीद
आरएनटी हॉस्पिटल के कायाकल्प से उदयपुर को मेडिकल टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में पहचान मिलने की संभावना है। हिन्दुस्तान जिंक कार्डियोलॉजी सेंटर में वर्ष 2025 में करीब 95 हजार ओपीडी मरीजों की जांच हुई। एकमात्र कैथ लैब से 2600 एंजियोग्राफी और 1350 एंजियोप्लास्टी सहित कई जटिल प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक की गईं। नई कैथ लैब से और अधिक मरीजों को लाभ मिलेगा।
शहर कांग्रेस ने निकाय चुनाव का बजाया बिगुल
घोषणा पत्र जारी, भाजपा छोड़ कई नेता कांग्रेस में शामिल
udr congress, udr congress01
उदयपुर, 9 फरवरी: आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को चुनावी शंखनाद करते हुए निगम में कांग्रेस बोर्ड बनने का दावा ठोका। प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया और भाजपा के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाने के संकेत दिए। इसी दौरान भाजपा छोड़ कुछ नेता कांग्रेस में शामिल भी हुए।
भाजपा का 30 साल पुराना किला ध्वस्त करेंगे—राठौड़
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने कहा कि नगर निगम में बीते 30 वर्षों से भाजपा का बोर्ड रहा है और उदयपुर शहर में भाजपा के विधायक हैं, लेकिन अब कांग्रेस ने भाजपा के इस किले को ध्वस्त करने की शुरुआत कर दी है। उन्होंने बताया कि शहर में बूथों की संख्या 217 से बढ़कर 253 हो गई है और सभी बूथों पर कमेटियां बनाकर अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं। संगठन में वंचित कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी दी जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर विधायक फार्म-7 भरकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम मतदाता सूची से कटवा रहे हैं, इसलिए कांग्रेस ने समय रहते चुनावी बिगुल बजा दिया है। राठौड़ ने कहा कि पिछले निकाय चुनाव में कांग्रेस मात्र 1040 वोटों से बोर्ड बनाने से चूक गई थी, इस बार उन कमियों को दूर कर चुनाव मैदान में उतरेंगे।
पेराशूट प्रत्याशी नहीं, कार्यकर्ता लड़ेगा चुनाव
राठौड़ ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में टिकट उन्हीं कार्यकर्ताओं को मिलेगा जिन्होंने संगठन में लगातार काम किया है। भाजपा में भ्रष्टाचार और विचारधारा से परेशान कई नेता कांग्रेस की सदस्यता ले रहे हैं, जिससे कांग्रेस की स्थिति मजबूत होगी।
यूडीए-निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल
राठौड़ ने भवन सीज करने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण के समय अधिकारी सो रहे थे क्या? उन्होंने बलीचा क्षेत्र में गरीबों के मकान तोड़े जाने, गुलाबबाग में ठेकेदार की मनमानी पार्किंग वसूली और अवैध कैंटीन संचालन पर भी निगम प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
घोषणा पत्र में शहर विकास के बड़े वादे
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में यातायात सुधार, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, दिन में दो बार सफाई व्यवस्था, स्वच्छ जलापूर्ति, झील किनारे सौंदर्यीकरण, नाइट बाजार, फुटपाथ व लाइटिंग सुधार, ई-रिक्शा संचालन, पार्किंग स्थल विकास और नए ग्रामीण वार्डों में आधारभूत सुविधाएं देने की घोषणा की।
हाईकोर्ट बैंच व कैंसर हॉस्पिटल की मांग
राठौड़ ने उदयपुर में हाईकोर्ट बैंच, शहर को बी-2 श्रेणी में शामिल करने, कैंसर हॉस्पिटल खोलने, विशेष बजट और झील प्राधिकरण की मांग भी रखी।
भाजपा नेता पंकज सुखवाल कांग्रेस में शामिल
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता पंकज सुखवाल अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। सुखवाल ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है, इसलिए उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा। प्रेसवार्ता में संगठन महासचिव अरुण टांक, शिवशंकर मेनारिया और ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह भी मौजूद रहे।
घसियार में पर्यटक महिला को ट्रोले ने कुचला, मौके पर मौत
हाईवे पर बिखरे शव के चिथड़े, मां से लिपटकर रोती रही बेटी
udr accident 01 और 02
उदयपुर, 9 फरवरी: उदयपुर-गोगुंदा राजमार्ग पर घसियार स्थित श्रीनाथजी मंदिर के सामने सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पार कर रही एक पर्यटक महिला को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रोले ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला के शव के टुकड़े करीब 50 मीटर तक सड़क पर बिखर गए और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दर्शन कर लौट रही थी महिला: पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान उत्तरप्रदेश के मेरठ निवासी 55 वर्षीय अनिता यादव पत्नी बृज मोहन यादव के रूप में हुई है। वह अपनी बेटी निधि उर्फ निकिता के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए उदयपुर आई थी। सोमवार को दोनों घसियार स्थित श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन कर बाहर अपने वाहन की ओर जा रही थीं।
ट्रोला घसीटता रहा, शरीर के टुकड़े होते गए
बेटी निधि ने बताया कि मां टैक्सी से उतरकर मुश्किल से 5-7 कदम चली होंगी तभी अचानक तेज गति में आए ट्रेलर ने टक्कर मार दी। ट्रेलर महिला को घसीटता हुआ आगे बढ़ता रहा, जिससे शरीर के टुकड़े सड़क पर फैल गए।
बेटी मां के शव से लिपटकर बिलखती रही: हादसे के बाद निधि दौड़कर मौके पर पहुंची और मां के शव से लिपटकर रोने लगी। वह बार-बार “मम्मी-मम्मी” पुकारती रही। आसपास मौजूद पर्यटकों और राहगीरों ने उसे संभाला।
ट्रोला चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद गुजरात नंबर का कोयला भरा ट्रोला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। थानाधिकारी किताब देवी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है तथा हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार ट्रोला चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
घासा में खेत पर काम कर रहे किसान पर तेंदुए का हमला, गंभीर घायल
पत्नी के शोर मचाने पर भागा लेपर्ड, ग्रामीणों में दहशत
udr tenduaa hamla
उदयपुर, 9 फरवरी: जिले के घासा थाना क्षेत्र की मांगथला ग्राम पंचायत में सोमवार दोपहर खेत पर काम कर रहे किसान पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दिनदहाड़े होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है और किसान खेतों में अकेले जाने से डरने लगे हैं।
ग्रामीण विनोद जोशी ने बताया कि गांव से करीब 300 मीटर दूर खेत में श्यामलाल डांगी (50) पुत्र रूपजी गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। किसान ने बचने के लिए संघर्ष किया, लेकिन तेंदुए ने पंजों से गंभीर चोटें पहुंचाईं।
श्यामलाल की चीखें सुनकर पास ही काम कर रही उनकी पत्नी दौड़कर आई और मदद के लिए चिल्लाने लगी। शोर सुनकर ग्रामीण पुष्कर, नाथूलाल, वख्तावर, जगदीश सहित कई लोग मौके पर पहुंचे। इससे पहले तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। घायल किसान को लहूलुहान हालत में निजी अनंता हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार जारी है।
15 दिन पहले भी हुआ था हमला
सरपंच युधिष्ठिर पुरोहित ने बताया कि इसी क्षेत्र में करीब 15 दिन पहले भी तेंदुए ने मोहनलाल जोशी पर हमला किया था। तेंदुआ पहले भी कई मवेशियों का शिकार कर चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और घायल किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
938 डॉक्टरों को पदोन्नति, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
60 प्रमुख विशेषज्ञ, 157 वरिष्ठ विशेषज्ञ, 161 उप निदेशक और 560 बने एसएमओ
उदयपुर, 9 फरवरी: राज्य सरकार ने चिकित्सा विभाग में बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए कुल 938 डॉक्टरों को पदोन्नति प्रदान की है। इनमें 60 प्रमुख विशेषज्ञ, 157 वरिष्ठ विशेषज्ञ, 161 उप निदेशक तथा 560 चिकित्साधिकारी सीनियर मेडिकल ऑफिसर (एसएमओ) बनाए गए हैं। पदोन्नति आदेश विभाग की शासन संयुक्त सचिव निशा मीना द्वारा जारी किए गए।
इस बार पदोन्नति प्रक्रिया में अहम बदलाव किया गया है। अब पदोन्नत चिकित्सकों के पदस्थापन आदेश अलग से जारी होंगे। पहले पदोन्नति के बाद भी डॉक्टर पूर्व पद पर ही बने रहते थे, लेकिन नए नियम के तहत अब उन्हें अन्य स्थान पर नियुक्त किया जाएगा। इससे विभागीय संतुलन और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।
157 कनिष्ठ विशेषज्ञों को वरिष्ठ विशेषज्ञ बनाया गया है। इनमें एनेस्थिसिया 14, डेंटिस्ट 35, ईएनटी 6, फॉरेंसिक 3, गायनी 18, मेडिसिन 18, नेत्र रोग 4, ऑर्थोपेडिक्स 12, पीडियाट्रिक्स 24, पैथोलॉजी 6, साइकाइट्री 7, रेडियो डायग्नोटिक्स 1, स्किन 4, सर्जरी 9 तथा टीबी-चेस्ट 7 विशेषज्ञ शामिल हैं।
इसके अलावा 161 एसएमओ को उप निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं 60 वरिष्ठ विशेषज्ञों को प्रमुख विशेषज्ञ नियुक्त किया गया, जिनमें मेडिसिन, शिशु रोग, ऑर्थोपेडिक्स, मनोरोग सहित विभिन्न शाखाओं के चिकित्सक शामिल हैं। विभाग का मानना है कि इन पदोन्नतियों से स्वास्थ्य सेवाओं में मजबूती आएगी और दूरस्थ क्षेत्रों में अनुभवी डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
आजीवन कारावास का फरार दोषी 24 साल बाद गिरफ्तार
कांस्टेबल ने पंडित बनकर रची योजना, 2 किमी पीछा कर दबोचा आरोपी
सलूंबर, 9 फरवरी: सलूंबर पुलिस ने 24 वर्षों से फरार चल रहे आजीवन कारावास से दंडित अपराधी पदीया मीणा को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2002 में उप कारागृह सलूंबर से फरार हो गया था और हाल ही में पैरोल से भी भागा हुआ था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से पहचान बदलकर मारवाड़ क्षेत्र में रह रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर सलूंबर साइबर सेल के कांस्टेबल हेमेन्द्र सिंह ने अनोखी योजना बनाई। उन्होंने पंडित का वेश धारण कर भागवत कथा आयोजन का बहाना बनाया और स्थानीय ठेकेदारों व मजदूरों से संपर्क स्थापित किया।
इसी दौरान एक ठेकेदार के माध्यम से संदिग्ध व्यक्ति को बुलवाया गया। बातचीत में उसकी पहचान पदीया मीणा के रूप में सुनिश्चित होते ही पुलिस की योजना सफल हो गई। पहचान उजागर होते ही आरोपी भाग निकला और पत्थर फेंककर हमला करने का प्रयास किया। कांस्टेबल ने अकेले ही करीब 2 किलोमीटर पीछा कर संघर्ष के बाद उसे पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ उदयपुर सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जयपुर-उदयपुर स्पेशल ट्रेन एक दिन चित्तौड़गढ़ तक ही चलेगी
बेड़च स्टेशन पर तकनीकी कार्य के चलते आंशिक रद्द
उदयपुर, 9 फरवरी: उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा बेड़च रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किए जाने के कारण जयपुर-उदयपुर सिटी स्पेशल ट्रेन सेवा में एक दिन का आंशिक बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 09721 जयपुर–उदयपुर सिटी स्पेशल 10 फरवरी को जयपुर से सुबह 6:27 बजे रवाना होगी, लेकिन यह उदयपुर तक नहीं जाएगी। ट्रेन केवल चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया स्टेशन तक ही संचालित होगी। इसके बाद आगे के स्टेशनों के लिए सेवा रद्द मानी जाएगी।
यह ट्रेन कनकपुरा, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, विजयनगर, भीलवाड़ा होते हुए सुबह करीब 11:05 बजे चंदेरिया पहुंचेगी।
इस आंशिक रद्दीकरण से कपासन और उदयपुर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था करनी होगी और अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है।
एशियाई लैक्रोज में स्वर्णिम इतिहास रचने वाले खिलाड़ियों का उदयपुर में भव्य स्वागत
udr lecrozz
उदयपुर, 9 फरवरी: रियाद (सऊदी अरब) में आयोजित एशियाई लैक्रोज गेम्स में महिला व पुरुष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले भारतीय दल का उदयपुर लौटने पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
महाराणा प्रताप खेल गांव पहुंचने पर महिला टीम कप्तान सुनीता मीणा सहित जुला कुमारी, मीरा दौजा, यशिष्ठा बत्रा, डाली गमेती, रोशनी बोस, जानवी राठौड़ तथा पुरुष टीम के मोहनलाल गमेती, दयाशंकर गमेती, नारायणलाल गमेती, निशांत नागदा और प्रशिक्षक नीरज बत्रा का पुष्पमालाओं व जयघोष के साथ अभिनंदन किया गया।
खिलाड़ियों को विशाल रैली के रूप में गोपेश्वर महादेव मंदिर ले जाकर दर्शन कराए गए। पंजाबी बाग गार्डन में आयोजित समारोह में महिलाओं ने आरती कर दीर्घायु की कामना की।
इसके बाद संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने शाल व पुष्पगुच्छ भेंट कर खिलाड़ियों को सम्मानित किया। रामपुरा चौराहा व ग्राम पंचायत धार में पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और कंधों पर उठाकर गांव भ्रमण कराया गया। पूरा उदयपुर गर्व और देशभक्ति से गूंज उठा।
