उदयपुर में शाही शादी का चलन : 2004 में रवीना टंडन की भव्य शादी से हुआ था शुरू
Share
उदयपुर, 19 नवम्बर (सुभाष शर्मा): बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन और अनिल थडानी की 2004 में हुई शाही शादी ने उदयपुर को भारत का पसंदीदा डेस्टिनेशन वेडिंग स्थल बना दिया। लेक पिछोला स्थित जग मंदिर पैलेस में आयोजित इस भव्य समारोह ने न केवल दंपति के मिलन का जश्न मनाया बल्कि देश में हाई-प्रोफाइल शादियों की शुरुआत भी कर दी। शादी के दौरान रवीना टंडन मुगल-स्टाइल के केरी वर्क वाले शरारा में सजी थीं, और अपनी माँ की 35 साल पुरानी साड़ी को दिल्ली के डिज़ाइनर मानव गंगवानी ने अर्ध-कीमती पत्थरों और सोने के धागों से जड़े लहंगे में बदल दिया।
रवीना की शादी ने उदयपुर के महलों, झीलों और राजपूत वास्तुकला को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाया। इसके बाद कई बॉलीवुड सितारों और धनी अभिजात वर्ग ने उदयपुर में शादी के लिए शहर को चुना। 2007 में एलिजाबेथ हर्ले और अरुण नायर का भव्य समारोह, नील नितिन मुकेश और रुक्मिणी सहाय का तीन दिवसीय उत्सव और हाल ही में परिणीति चोपड़ा व आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की शादी ने इस शहर की पहचान को और मजबूत किया।
हाई-प्रोफाइल हस्तियों की पसंद
उदयपुर में आयोजित होने वाली शादियों में प्रफुल्ल पटेल की बेटी नियति और पुरु सेठिया, बिजनेसमैन संजय हिंदुजा और अनुसूया महतानी, कंगना रनौत के भाई अक्षित, टेलीविजन अभिनेता रजत टोकस और सृष्टि नय्यर जैसे नामी हस्तियां शामिल हैं। पिछले वर्षों में शहर का डेस्टिनेशन-वेडिंग सेक्टर तेजी से विकसित हुआ है। उदयपुर टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह उद्योग 2020 तक 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका था।
रवीना टंडन की शादी से लेकर आज तक, उदयपुर शाही शादियों का हब बन चुका है। महलों, झीलों और भव्य पैलेस के बीच आयोजित होने वाली ये शादियां न केवल परंपरा और भव्यता का मिश्रण प्रस्तुत करती हैं बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देती हैं। इस शहर की खूबसूरती और राजसी माहौल ने इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहला विकल्प बना दिया है।
जूनियर ट्रंप शाही शादी में भाग लेने आएंगे उदयपुर
अमेरिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बिजनेसमैन बेटे जूनियर ट्रंप 21 नवम्बर को उदयपुर में होने वाली एनआरआई की शाही शादी में भाग लेने उदयपुर सपरिवार पहुंच रहे हैं। वह 23 नवम्बर तक लेकसिटी में रहेंगे। इसके चलते पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर चाक—चौबंद व्यवस्था की तैयारी की है। जबकि बुधवार को अमेरिकी सुरक्षा बल का समूह यहां ट्रंप परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को देखने उदयपुर पहुंच चुका है। उल्लेखनीय है कि भारतीय मूल के अमेरिकन बिजनेसमैन की अमेरिका के अरबपति बिजनेसमैन की बेटी से शादी यहां जग मंदिर तथा सिटी पैलेस में होने जा रही है। इस विमान में भाग लेने के लिए देश—विदेश से दर्जनों लोग चार्टर प्लेन से आने वाले हैं।
