हादसे के बाद उपद्रव: पुलिस पर पथराव करने वाले 29 गिरफ्तार, 42 वाहन जब्त
Share
उदयपुर में सड़क दुर्घटना के बाद बिगड़े थे हालात, पुलिसकर्मियों को लगी थीं चोटें, कई वाहनों को हुआ था नुकसान
उदयपुर, 24 अक्टूबर: उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद भड़के उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को बरवाड़ा गांव के पास नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार अंबालाल गमेती की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया था। इसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 42 वाहन (40 बाइक, एक कार और एक टेंपो) जब्त किए। सभी के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और हाईवे जाम करने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
एक करोड़ की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण
हादसे के बाद पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जब शव को हटाने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने एक करोड़ रुपए मुआवजे की मांग रख दी। पुलिस की समझाइश के बावजूद वे नहीं माने और हाईवे पर जाम लगाकर वाहनों को रोक दिया।
पथराव से पुलिस अधिकारी भी हुए थे घायल
स्थिति बेकाबू होने पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। इसमें डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़, थानाधिकारी किशोर सिंह शक्तावत सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। भीड़ ने पुलिस वाहनों पर तोड़फोड़ की और सीओ की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और हवाई फायरिंग का सहारा लिया। पुलिस का कहना है कि यदि बल प्रयोग नहीं किया जाता, तो जान-माल की भारी हानि हो सकती थी। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और क्षेत्र में फिलहाल शांति बनी हुई है।
