‘जब तक रोड नहीं बनेगा, तब तक नेताओं की एंट्री बैन’
Share
कॉलोनीवासियों का विरोध, सड़क नहीं बनी तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
बांसवाड़ा, 18 फरवरी: बांसवाड़ा शहर की खांदू कॉलोनी (वार्ड नंबर 24) में सड़क निर्माण को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से जर्जर सड़क और उड़ती धूल से परेशान कॉलोनीवासियों ने बुधवार को नगर परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने गली के बाहर पोस्टर और बैनर लगाकर साफ संदेश दिया— “जब तक रोड नहीं बनेगा, तब तक राजनेताओं की एंट्री बैन है।”
कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे कई बार नगर परिषद और प्रशासन को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। सड़क टूट चुकी है, जिससे आए दिन धूल उड़ती रहती है और लोगों को आवागमन में भी भारी परेशानी होती है।
‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए। उनका कहना है कि नेता केवल चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं, लेकिन जीतने के बाद जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आने वाले चुनाव में पूरे वार्ड की ओर से मतदान का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे सड़क की मरम्मत के लिए नगर परिषद, जिला कलेक्टर और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए, अन्यथा आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
