LOADING

Type to search

असावरा को दौड़ी ‘वंदे भारत’ ट्रेन

Local

असावरा को दौड़ी ‘वंदे भारत’ ट्रेन

Share

उदयपुर सांसद डॉ. रावत, चित्तौड़ सांसद जोशी और राज्यसभा सदस्य गरासिया ने दिखाई हरी झण्डी
उदयपुर, 16 फरवरी:
मेवाड़ अंचल के लिए आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। झीलों की नगरी उदयपुर और गुजरात के व्यापारिक केंद्र अहमदाबाद (असारवा) के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस का भव्य शुभारंभ हो गया है। उदयपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित गरिमामयी समारोह में इस आधुनिक सेमी-हाई स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पहले सफर के दौरान वंदे भारत 90 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन (09663) दोपहर 12:25 बजे उदयपुर से रवाना हुई और शाम 05:15 बजे असारवा (अहमदाबाद) पहुंची।
इस अवसर पर उदयपुर सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद चंद्र प्रकाश जोशी और राज्यसभा सांसद चुन्नी लाल गरासिया सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। स्टेशन परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। अतिथियों ने इस ट्रेन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विन वैष्णव का आभार जताया। वक्ताओं ने उदयपुर सिटी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही यह स्टेशन किसी एयरपोर्ट की तरह दिखाई देगा। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव व क्षेत्रीय प्रबंधक महेंद्र देपाल, मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक अशोक चौहान, आरपीएफ निरीक्षक सुरेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्टेशन अधीक्षक शरदचंद्र पुरोहित ने किया।
उल्लेखनीय है कि पर्याप्त यात्री भार नहीं मिलने के कारण रेल प्रशासन ने जयपुर और आगरा के लिए हर दूसरे दिन चलने वाली वंदे भारत ट्रेन बंद कर दी है।


बच्चों के चेहरे पर दिखी खुशी
उद्घाटन के खास मौके पर स्कूली बच्चों को भी इस आधुनिक ट्रेन में यात्रा का अवसर दिया गया। बच्चों ने ट्रेन की सुविधाओं का उत्साहपूर्वक अनुभव किया। लोगों ने वंदे भारत ट्रेन के साथ सेल्फी लेते हुए यादगार पलों को मोबाइल में संजोया।
कल से नियमित
उदयपुर सिटी-अहमदाबाद (असारवा)- वंदे भारत (26963/26964) सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोडकर) 18 फरवरी से संचालित होगी। उदयपुर सिटी से यह ट्रेन प्रात: 6.10 बजे रवाना होकर 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी। जबकि अहमदाबाद (असारवा) -उदयपुर सिटी वंदे भारत (26964) सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) 18 फरवरी को ही असारवा से सायं 5.45 बजे रवाना होकर रात 10.00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
असारवा वंदे भारत का संचालन ऐतिहासिक दिन: सांसद गरासिया
राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने कहा कि वंदे भारत का संचालन दक्षिण राजस्थान के लिए गर्व, विकास और विश्वास का प्रतीक है। वे इस ट्रेन को शुरु करवाने के लिए प्रयासरत थे। बजट सत्र में केंद्रीय रेल मंत्री से हमारे क्षेत्र की ज़रूरतों, विकास की संभावनाओं और जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखा। इसके लिए वह उनके आभारी हैं।


राजस्थान के इन स्टेशनों पर ठहराव
अरावली की पहाड़ियों के बीच से गुजरने वाली इस ट्रेन के मुख्य स्टॉपेज होंगे—
जावर (औद्योगिक व खनन क्षेत्र)
डूंगरपुर (महत्वपूर्ण जनजातीय जिला)
हिम्मतनगर (गुजरात का व्यापारिक केंद्र)
किराया और सुविधाएं
इस वंदे भारत में 7 चेयर कार और 1 एक्जीक्यूटिव क्लास कोच शामिल है।ट्रेन में 180 डिग्री घूमने वाली सीटें, बायो-वैक्यूम टॉयलेट, सेंसर दरवाजे, वाई-फाई और कवच एंटी-कोलिजन तकनीक जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
CC किराया: ₹900–₹1065 (भोजन विकल्प सहित)
EC किराया: ₹1680–₹1875 (प्रीमियम भोजन सहित)

डूंगरपुर: वंदे भारत को लेकर बीजेपी और बीएपी में क्रेडिट की होड़

उदयपुर–डूंगरपुर होते हुए असारवा (अहमदाबाद) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन के साथ ही जिले में खुशी का माहौल है, लेकिन इसके साथ राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ भी शुरू हो गई है।
डूंगरपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ के जयकारों के साथ स्वागत किया। उद्घाटन कार्यक्रम में बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत ने इसे लंबे समय से की जा रही मांग का परिणाम बताया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री ने मेवाड़-वागड़ को गुजरात से जोड़कर बड़ी सौगात दी है।
उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि भविष्य में यह सेवा मुंबई तक बढ़ सकती है। वंदे भारत को लेकर अब क्षेत्र में विकास के साथ-साथ राजनीतिक प्रतिस्पर्धा भी तेज हो गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *