विजय-रश्मिका ने शादी से पहले खेला क्रिकेट मैच
Share
दूल्हा-दूल्हन की टीम आमने-सामने, पूल पार्टी और कोजी डिनर की झलकियां शेयर
उदयपुर, 24 फरवरी: साउथ इंडियन सिनेमा के चर्चित स्टार विजय देवेरकोन्डा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की शादी की रस्में लेकसिटी उदयपुर में शुरू हो चुकी हैं। 26 फरवरी को दोनों सात फेरे लेंगे। वेडिंग से पहले कपल ने अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट मैच खेलकर जश्न का अनोखा अंदाज पेश किया। इस मैच को ‘VIROSH प्रीमियर लीग’ नाम दिया गया, जिसकी तस्वीरें दोनों ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कीं।

होटल ‘मोमेंटोस एकाया’ में क्रिकेट मुकाबला
उदयपुर से करीब 25 किमी दूर एकलिंगजी के पास स्थित लग्जरी होटल Moments Ekaaya में मंगलवार को दूल्हा और दुल्हन की टीम आमने-सामने रही। मैदान पर ‘VIROSH प्रीमियर लीग’ का बैनर लगा था। रश्मिका ने एक ब्लर फोटो शेयर की, जिसमें छोटा सा झंडा भी नजर आया। सोशल मीडिया पर फैन्स ने इस शादी को ‘वेडिंग ऑफ VIROSH’ नाम दे दिया है।
पूल पार्टी और प्री-वेडिंग डिनर
सोमवार शाम को विजय ने पूल पार्टी की तस्वीरें साझा कीं। स्विमिंग पूल में व्हाइट बीयर पोंग राफ्ट और वॉलीबॉल नेट दिखाई दिए। विजय दोस्तों और परिवार के साथ पूल वॉलीबॉल खेलते नजर आए।
वहीं रश्मिका ने पिंक-ग्रीन थीम पर सजे प्री-वेडिंग डिनर की फोटो शेयर की, जिसमें पिंक ट्यूलिप्स, सफेद फूल, हरे सेब और अंगूर से सजी टेबल आकर्षण का केंद्र रही।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शादी में करीब 200 मेहमान शामिल हो रहे हैं। होटल के बाहर और अंदर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। निजी बाउंसर्स और पुलिसकर्मी तैनात हैं। होटल स्टाफ और गेस्ट मोबाइल से रिकॉर्डिंग न कर सकें, इसके लिए कैमरों पर विशेष टैप लगाए गए हैं। अन्य रिकॉर्डिंग डिवाइस भी प्रतिबंधित हैं।
अरावली की वादियों में शाही शादी
106 एकड़ में फैला यह होटल अरावली की वादियों के बीच स्थित है। यहां 117 लग्जरी कमरे और विला हैं, जिनमें प्राइवेट बालकनी, गार्डन व्यू और कई सुईट में निजी स्विमिंग पूल की सुविधा है।
ग्रैंड प्रेसिडेंशियल सुईट का किराया 2 लाख रुपए प्रतिरात्रि से शुरू होता है, जिसमें 24 घंटे शेफ और बटलर सेवा उपलब्ध है। अरावली सुईट, स्मृति चिह्न सुईट और प्रेसिडेंशियल सुईट भी विशेष आकर्षण हैं। लेकसिटी की प्राकृतिक खूबसूरती और शाही आतिथ्य के बीच विजय-रश्मिका की यह शादी इस साल की सबसे चर्चित सेलिब्रिटी वेडिंग बन गई है।
