कमजोर अभिनेता फिल्म और थिएटर दोनों में कमजोर ही दिखता : अनुपम खेर
Share
बोले- अभिनय का स्तर माध्यम से नहीं, कलाकार की मेहनत और अभ्यास से तय होता
जयपुर, 6 मार्च: बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर शुक्रवार को जयपुर के मानसरोवर स्थित रंग मस्ताने गुरुकुल पहुंचे, जहां उन्होंने युवा कलाकारों और रंगकर्मियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अभिनय और अपने लंबे अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को अभ्यास और समर्पण का महत्व समझाया।
अनुपम खेर ने कहा कि अभिनय का मूल सिद्धांत हर माध्यम में समान होता है। अच्छा कलाकार थिएटर में भी प्रभावी होता है और फिल्मों में भी, जबकि कमजोर अभिनेता दोनों जगह कमजोर ही नजर आता है। उनके अनुसार अभिनय का स्तर किसी माध्यम से नहीं, बल्कि कलाकार की मेहनत, अभ्यास और समर्पण से तय होता है।
उन्होंने बताया कि पहले मंच पर अभिनय थोड़ा अधिक प्रभावी और अतिरंजित होता था, क्योंकि कलाकार को दर्शकों तक भाव पहुंचाने होते थे। आज तकनीक के कारण थिएटर और फिल्मों के बीच की दूरी कम हो गई है।
खेर ने कहा कि वे 55 वर्षों से अभिनय कर रहे हैं, लेकिन आज भी खुद को सीखने की प्रक्रिया में मानते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि असाधारण बनने के लिए साधारण से अधिक मेहनत करनी पड़ती है और अभ्यास का कोई विकल्प नहीं होता।
