सज्जनगढ़ बायो पार्क में वन्यजीवों की देखभाल संकट में, मात्र दो केयर टेकर तैनात
Share
स्थायी स्टाफ की भारी कमी
उदयपुर, 17 फरवरी: सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क उदयपुर संभाग का प्रमुख वन्यजीव केंद्र है, जहां 200 से अधिक वन्यजीव विभिन्न प्रजातियों के मौजूद हैं। पार्क में कुल 23 एनक्लोजर बनाए गए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इनकी देखभाल के लिए केवल दो केयर टेकर ही तैनात हैं। हाल ही में यहां इगुआना और नर शुतुरमुर्ग जैसे नए आकर्षण भी लाए गए हैं, जिससे जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
पार्क में तैनात दो केयर टेकर में से केवल मानाराम ही स्थायी कर्मचारी हैं। दूसरे केयर टेकर रामसिंह 2023 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं और फिलहाल संविदा पर सेवाएं दे रहे हैं। स्थिति और गंभीर तब हो गई जब स्थायी केयर टेकर मानाराम मेडिकल लीव पर हैं। नई भर्ती न होने से वन्यजीवों की देखभाल सीधे प्रभावित हो रही है।
सेवानिवृत्त सीसीएफ राहुल भटनागर सहित विशेषज्ञों का कहना है कि केयर टेकर जानवरों के स्वास्थ्य और व्यवहार को समझने वाली पहली कड़ी होते हैं। यदि कोई जानवर बीमार हो या कम खा रहा हो, तो इसकी जानकारी सबसे पहले केयर टेकर को ही मिलती है। अनुभवी स्टाफ की कमी वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
भर्ती प्रस्ताव लंबित
रेंजर प्रभुलाल के अनुसार नए केयर टेकर की भर्ती राज्य सरकार स्तर पर लंबित है। विभाग कई बार प्रस्ताव भेज चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में पार्क में 8 कर्मचारी और 30-35 मजदूर कार्यरत हैं, पर वे विशेषज्ञ केयर टेकर का विकल्प नहीं बन सकते।
