ट्रेन में महिला टीचर का पर्स चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Share
10 दिन पहले ही जेल से छूटकर फिर की चोरी, 6 मामले पहले से दर्ज
उदयपुर। 13 अगस्त
चित्तौड़गढ़ रेलवे पुलिस (GRP) ने ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाले आदतन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल राज निवासी मंडपिया, जिला भीलवाड़ा के रूप में हुई है। वह हाल ही में अजमेर जेल से छूटकर आया था, जहां वह 6 महीने की सजा काट चुका था। जेल से छूटे उसे केवल 10 दिन हुए थे और उसने फिर से चोरी की वारदात कर दी।
5 अगस्त को हुई थी चोरी
यह घटना 5 अगस्त को हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में हुई। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले की सरकारी स्कूल टीचर निर्मला गणावा ट्रेन से जयपुर जा रही थीं। चित्तौड़गढ़ स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने पाया कि उनका पर्स गायब है। पर्स में एक चांदी का हार, पायल, 15 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात थे।
उन्होंने घर पहुंचकर एमपी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। चूंकि चोरी ट्रेन में हुई थी और स्थान राजस्थान के अंतर्गत आता है, रिपोर्ट को ‘जीरो एफआईआर’ के रूप में दर्ज कर चित्तौड़गढ़ जीआरपी को भेज दिया गया।
मोबाइल बेचने की कोशिश में पकड़ा गया
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक चोरी का मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहा है। मुखबिर की सूचना पर जीआरपी टीम ने स्टेशन के बाहर से आरोपी राहुल राज को पकड़ लिया। शुरू में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया मोबाइल बरामद कर लिया।
आदतन चोर, कई मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राहुल के खिलाफ पहले से ही 6 मामले दर्ज हैं—चार चित्तौड़गढ़ जीआरपी और दो अजमेर जीआरपी में। सभी मामले चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े हैं। आरोपी नशे का आदी है और ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाता है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि बाकी चोरी का सामान—पर्स, चांदी के गहने, नकदी और दस्तावेज—बरामद किए जा सकें। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पीसी रिमांड की मांग की जाएगी।
