पूर्व अमेरिकी NSA बोले- ट्रम्प ने भारत-अमेरिका रिश्ते बिगाड़े
Share
पाकिस्तान पर मेहरबानी की वजह फैमिली बिजनेस
वॉशिंगटन डीसी। 2 सितम्बर
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जेक सुलिवन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने देश के बजाय अपने निजी कारोबारी हितों को प्राथमिकता दी और इसी कारण भारत-अमेरिका रिश्तों में खटास आई।
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में सुलिवन ने कहा कि ट्रम्प ने पाकिस्तान के साथ फैमिली बिजनेस के चलते झुकाव दिखाया और सेना प्रमुख आसिम मुनीर को खुश करने की कोशिश की। उनके मुताबिक, अमेरिका हमेशा भारत के साथ संबंध मजबूत करना चाहता रहा है, क्योंकि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और तकनीक, अर्थव्यवस्था तथा चीन से निपटने के लिए एक अहम साझेदार है।
सुलिवन के अनुसार, ट्रम्प के फैसले ने रणनीतिक तौर पर बड़ा नुकसान किया है, क्योंकि भारत-अमेरिका साझेदारी दोनों देशों के हित में है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब वैश्विक स्तर पर कोई भी देश अमेरिका पर पूरी तरह निर्भर नहीं रह पाएगा।
पाकिस्तान से बिजनेस डील
रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान ने मार्च 2025 में क्रिप्टो काउंसिल (PCC) बनाई और अप्रैल में ट्रम्प परिवार से जुड़ी कंपनी वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल (WLF) के साथ करार किया। कंपनी में ट्रम्प के बेटे एरिक, डोनाल्ड जूनियर और दामाद जेरेड कुशनर की 60% हिस्सेदारी है। यह डील पाकिस्तान में ब्लॉकचेन और क्रिप्टो सिस्टम को बढ़ावा देने के लिए की गई।
इस साझेदारी से WLF के टोकन (WLFI) की वैल्यू बढ़ गई और ट्रम्प परिवार की संपत्ति अरबों डॉलर तक पहुंच गई। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, यह सिर्फ वित्तीय नहीं बल्कि राजनीतिक फायदा भी है, क्योंकि इस डील में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख की सीधी भूमिका रही।
भारत के खिलाफ टैरिफ
विशेषज्ञों का मानना है कि इसी बिजनेस डील के बाद ट्रम्प का रुख भारत के प्रति कठोर हो गया। उन्होंने भारत पर आयात शुल्क 25% से बढ़ाकर 50% कर दिया, जबकि पाकिस्तान पर केवल 19% टैरिफ लगाया। रूस से तेल खरीदने को वजह बताया गया, लेकिन चीन पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया गया।
सुलिवन का कहना है कि यह बदलाव साबित करता है कि ट्रम्प ने राष्ट्रीय हितों से ऊपर निजी कारोबार को तरजीह दी।
