LOADING

Type to search

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बोले-वोट चोरी की शुरुआत सोनिया गांधी ने की

Local

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बोले-वोट चोरी की शुरुआत सोनिया गांधी ने की

Share

1980 में ही बन गई थीं वोटर, जबकि भारतीय नागरिकता 1983 में मिली

उदयपुर। 14 अगस्त
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी शुरुआत सोनिया गांधी से हुई थी। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी 1980 में ही मतदाता बन गई थीं, जबकि उन्हें भारत की नागरिकता 1983 में मिली। राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा, “जब शुरुआत ही गलत तरीके से हुई हो, तो आज कांग्रेस को वोट चोरी पर बोलने का कोई हक नहीं है। यह वही बात है—चोर मचाए शोर।”
निंबाहेड़ा में विधायक चंद्रभान आक्या की तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे राठौड़ ने कहा कि भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता खुद ही असली चोर हैं। “अगर हमने वोट चोरी की होती तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, टीकाराम जूली और गोविंद सिंह डोटासरा कैसे चुनाव जीत जाते? हारने पर ये लोग आरोप लगाते हैं और जीतने पर अपनी पीठ थपथपाते हैं।”
कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- रोहिंग्या और बांग्लादेशी वोटर बनाना लोकतंत्र के खिलाफ
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने मतदाता सूची में गलत नाम जुड़वाए। मतदाता सूची का पुनरीक्षण नियमित प्रक्रिया है—18 साल पूरा होने पर नाम जुड़ता है, निधन पर नाम हटता है, और स्थान परिवर्तन पर फार्म भरकर पुराने स्थान से नाम कटाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को मतदाता बना दिया, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, “अगर कॉम्पिटिशन करना है तो जनता की सेवा में करो। ज्यादा सेवा करोगे तो जनता का भला होगा। सत्ता पाने के लिए बाहरी लोगों को वोटर बनाना गलत है।”
मदन राठौड़ दोपहर 2 बजे चित्तौड़गढ़ सीमा पर गंगरार टोल पहुंचे, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी और बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने उनका स्वागत किया। नरपत की खेड़ी पुलिया पर विधायक चंद्रभान आक्या व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे भाजपा कार्यालय में मीडिया से मिले और शाम 4 बजे निंबाहेड़ा तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हो गए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *